संसार को खुश करने की बात मन से निकाल दें: स्वामी दयानंद
श्री रामलीला दरेसी मैदान में महामंडलेश्वर स्वामी वेद भारती की अध्यक्षता में संत सम्मेलन जारी है।
संस, लुधियाना : वेद निकेतन धाम ट्रस्ट की ओर से श्री रामलीला दरेसी मैदान में महामंडलेश्वर स्वामी वेद भारती की अध्यक्षता में संत सम्मेलन धूमधाम से जारी है। इसमें देशभर के संत अपनी वाणी से ज्ञान की गंगा बहाकर भक्तों को भक्ति से जोड़ रहे हैं। दूसरे दिन संतों का स्वागत करते महामंडलेश्वर स्वामी वेद भारती ने कहा, नगरी में संतों का आना व ज्ञान की गंगा बहाना सभी के लिए परोपकार व हितकारी है। संत के सानिध्य में अगर भक्त प्रवचनों का सच्चे मन से श्रवण करता है तो प्रभु उसकी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।
महामंडलेश्वर स्वामी आनंद चेतन सरस्वती ने प्रभु की आध्यात्मिक लीलाओं का रसपान कराते हुए कहा कि सत्संग में आकर इसका सच्चे मन से श्रवण कर मोक्ष का भागी बने। महामंडलेश्वर स्वामी रामेश्वरानंद ने कहा कि संत सम्मेलन में ज्ञान की गंगा बहती है, इसका अधिक लोगों को लाभ उठाना चाहिए। महामंडलेश्वर स्वामी चंद्रेशेखरानंद ने कहा कि आधुनिक युग में सत्संग का विशेष महत्व है। इंसान अपने आप को भूल रहा है। सत्संग ही एक ऐसा माध्यम है, जिसका अनुसरण कर प्रभु की प्राप्ति कर सकते हैं। महामंडलेश्वर स्वामी शिव प्रेमानंद ने कहा कि परमेश्वर ही सुख शांति का भंडार है। स्वामी दयानंद ने कहा कि संसार को खुश करने की बात अपने मन से निकाल दे। इस अवसर पर साध्वी सुगीता, साध्वी चैतन्या, साध्वी सुमेधा भारती, साध्वी अमिता, साध्वी श्रेया, गुरु प्रिया, साध्वी सुकुीर्ति भारती ने भजनों के माध्यम से अभिभूत किया। मौके पर अमरजीत मनोचा, अनिल गुप्ता, साहिल खुराना, सुरेंद्र मनोचा, गुलशन मनोचा मौजूद रहे।