बस्ती जोधेवाल फ्लाईओवर शुरू किया पर सर्विस लेन नहीं की रिपेयर
बस्ती जोधेवाल में फ्लाईओवर का निर्माण पूरा कर चालू करवा दिया लेकिन सर्विस लेन बनानी ही भूल गए।
जासं, लुधियाना : बस्ती जोधेवाल में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने निर्माण कंपनी से फ्लाईओवर का निर्माण पूरा कर चालू करवा दिया लेकिन सर्विस लेन बनानी ही भूल गए। सुंदर नगर से लेकर बस्ती जोधेवाल थाने तक सर्विस लेन पूरी तरह उखड़ चुकी है। फ्लाई ओवर के नीचे भी बिना सड़क बनाए ट्रैफिक चालू किया गया है।
इसी तरह बस्ती जोधेवाल चौक से पेट्रोल पंप तक भी सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे बने हैं। सर्विस लेन टूटी होने के कारण वहां रोजाना दुर्घटनाएं हो रही है और ट्रैफिक जाम भी हो रहा है। आसपास के दुकानदार व आम लोग भी बेहद परेशान हैं। थाना बस्ती जोधेवाल के सामने वाटर सप्लाई की पाइपें ठीक करने के लिए करीब एक माह पूर्व सर्विस लेन को खोदा गया था। निगम ने वाटर सप्लाई लाइन ठीक कर दी लेकिन तब से लेकर अब तक सर्विस लेन को ठीक नहीं किया गया। बस्ती चौक से लेकर थाने तक कई महीनों से सर्विस लेन टूटी हुई है। पहले कंपनी यह बहाने बनाती रही कि जब तक फ्लाईओवर शुरू नहीं होता तब तक सर्विस लेन पर प्रीमिक्स नहीं डाला जा सकता। क्योंकि उसके लिए ट्रैफिक रोकना पड़ता। फ्लाईओवर चालू हुए एक सप्ताह से ज्यादा का वक्त बीत गया लेकिन कंपनी ने सर्विस लेन को रिपेयर नहीं किया। दुकानदारों की परेशानी
सर्विस लेन पर गड्ढे होने की वजह से रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस बारे में प्रशासन को कह चुके हैं। दुकानदार पहले धरना लगा चुके हैं और तब प्रशासन ने कहा था कि वह पुल बनते ही सर्विस लेन ठीक करवा देंगे, पर अभी तक सर्विस लेन को ठीक नहीं किया गया।
-राजिदर सिंह, स्थानीय दुकानदार
------- पहले से सड़क टूटी हुई थी। फिर पानी की पाइप ठीक करने के लिए सड़क को खोदा गया। उसके बाद पुल का निर्माण भी हो गया लेकिन अभी तक सर्विस लेन को नहीं बनाया गया। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।
-मनदीप सिंह, स्थानीय दुकानदार
----------- कोट्स
सर्विस लेन बनाने की जिम्मेदारी भी निर्माण कंपनी की है। कंपनी को जल्दी ही सर्विस लेन बनाने को कहा जाएगा। इस संबंध में एनएचएआइ के अफसरों से भी बात की जाएगी।
-बलकार सिंह संधू, मेयर लुधियाना