जिस्मफरोशी के अड्डे से तीन महिलाओं समेत छह गिरफ्तार
देह-व्यापार के अड्डे पर मुंडियां चौकी पुलिस ने रेड करके तीन महिलाओं तथा तीन ग्राहकों को गिरफ्तार कर लिया।
जासं, लुधियाना : जमालपुर की टिब्बा कॉलोनी इलाके में चल रहे देह-व्यापार के अड्डे पर मुंडियां चौकी पुलिस ने रेड करके तीन महिलाओं तथा तीन ग्राहकों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान अड्डा संचालिका व उसका बेटा पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
आरोपितों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। सब इंस्पेक्टर हरभजन सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान ग्यासपुरा के आंबेडकर नगर निवासी सुनीता, नीची मंगली निवासी नीलम, टिब्बा कॉलोनी निवासी मनजीत कौर, कूमकलां के गांव नत्थू भैणी निवासी हरप्रीत सिंह, राम नगर निवासी पप्पू कुमार तथा फोकल प्वाइंट निवासी राम कुमार के रूप में हुई। फरार हुई अड्डा संचालिका परमजीत कौर उर्फ पम्मी तथा उसका बेटा प्रदीप सिंह उर्फ कालू हैं। उन दोनों की तलाश में रेड की जा रही है।
वीरवार मुंडियां खुर्द की टिब्बा कॉलोनी के सरपंच जग्गा सिंह समेत उसी इलाके में रहने वाले जसवीर सिंह, सरबजीत सिंह, कुलदीप सिंह तथा गुरमुख सिंह समेत अन्य लोगों की शिकायत व मौजूदगी में पुलिस ने रेड करके उन्हें मौके का गवाह बनाया। महिलाओं को पैसों का लालच दे घर बुलाती थी पम्मी
बताया जा रहा है कि आरोपित महिला का पति उसे छोड़ कर जा चुका है। वो एक अन्य व्यक्ति के साथ रह रही थी। जो अब चलने फिरने में असमर्थ है। पम्मी आसपास के इलाकों में रहने वाली महिलाओं को पैसों का लालच देकर अपने घर में बुलाती थी। जहां वो उन्हें ग्राहकों के सामने परोसती है। वो पिछले तीन साल से अपने घर में देह व्यापार का धंधा चला रही थी। जिससे इलाके के लोग बेहद परेशान थे।