नेशनल हाइवे किनारे बने सेकेंडरी कूड़े के डंप को हटाएगा नगर निगम Ludhiana News
लुधियाना शहर के प्रति लोगों की सोच खराब न बनें इसके लिए नगर निगम ने कदम उठाया है। निगन ने नेशनल हाईवे के किनारे बने सेकेंडरी कूड़ा डंपों को शिफ्ट करने का फैसला किया है।
जेएनएन, लुधियाना। नेशनल हाईवे नंबर एक पर जैसे ही लोग शहर की सीमा में प्रवेश करते हैं तो नगर निगम के सेकेंडरी कूड़ा डंप उनका स्वागत करते हैं। बाहर से आने वाले लोग जैसे-जैसे नेशनल हाईवे नंबर एक पर आगे बढ़ते हैं वैसे-वैसे सड़क किनारे उन्हें कूड़े के बड़े-बड़े ढेर दिखने शुरू हो जाते हैं, जिससे हाईवे से निकलने वाले लोगों के मन में शहर के प्रति लोग नकारात्मक सोच लेकर जाते हैं। शहर के प्रति लोगों की सोच खराब न बनें इसके लिए नगर निगम ने नेशनल हाईवे के किनारे बने सेकेंडरी कूड़ा डंपों को शिफ्ट करने का फैसला किया है। निगम अब सेकेंडरी डंप के लिए जगह सेलेक्ट कर रहा है।
लुधियाना नगर निगम एरिया में नेशनल हाईवे नंबर एक पर आधा दर्जन से अधिक सेकेंडरी कूड़ा डंप हैं। यह सभी कूड़ा डंप सर्विस लेन के किनारे बनाए गए हैं। सुबह के समय कूड़ा कलेक्टर जब कूड़ा एकत्रित करके सेकेंडरी डंप पर लाते हैं, तो सर्विस लेन पर ही बिखेर देते हैं, जिस वजह से सर्विस लेन पर कई बार वाहनों की आवाजाही भी रुक जाती है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया भी नगर निगम को कई बार नोटिस जारी कर डंप हटाने को कह चुकी है, लेकिन नगर निगम इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा था, लेकिन पिछले साल स्वच्छता सर्वेक्षण में पिछड़ने के बाद नगर निगम ने इन सेकेंडरी कूड़ा डंपों को हटाने का फैसला किया है।
यहां हैं नेशनल हाईवे पर सेकेंडरी कूड़ा डंप
जालंधर बाईपास, सब्जी मंडी, कैलाश नगर चौक, बस्ती जोधेवाल थाने के साथ, शक्ति नगर, सुंदरनगर के बाहर, मोती नगर, शेरपुर, ग्यासपुरा।
जल्द जगह फाइनल कर शिफ्ट होंगे कूड़े के डंप
नेशनल हाईवे पर बने सेकेंडरी कूड़ा डंपों को शिफ्ट करने का फैसला किया गया है। इन डंपों को शिफ्ट करने के लिए जगह देखी जा चुकी है और जल्द ही जगह फाइनल करके डंप शिफ्ट कर दिए जाएंगे।
-नीरज जैन, जोनल कमिश्नर व इंचार्ज हेल्थ ब्रांच नगर निगम।