नवविवाहिता ने पति की बुआ के घर फंदा लगा दी जान
शहर के दो अलग-अलग इलाकों में एक विवाहिता और एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली।
जासं, लुधियाना : शहर के दो अलग-अलग इलाकों में एक विवाहिता और एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। पहले मामले में बसंत बिहार में बीस वर्षीय नवविवाहिता सोनिया देवी ने घर में ही पंखे से चुनरी के साथ लटककर खुदकुशी कर ली। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सोनिया की शादी तीन माह पहले ही विनय कुमार के साथ हुआ था। विनय रविवार को ही पत्नी सोनिया को बिहार स्थित गांव से यहां बसंत बिहार बस्ती जोधेवाल में रहती अपनी बुआ के घर लेकर आया था। कुछ दिनों में ही उन्होंने अपने लिए नया घर देखना था। पुलिस के अनुसार सोनिया वीरवार की रात से कुछ परेशान थी। उसका पति और वह छत पर जाकर सो गए। रात को सोनिया छत से उठकर अपने कमरे में गई और उसने पंखे से चुनरी के साथ लटक कर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने फिलहाल मृतक सोनिया के परिवार वालों को सूचित कर दिया है। उनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। मानसिक परेशान तीन बच्चों के पिता ने की आत्महत्या
वहीं शहर के मुंडिया निवासी 42 वर्षीय संजीव कुमार ने शुक्रवार की दोपहर मानसिक परेशानी के चलते खुदकुशी कर ली। इसके बाद परिवार वालों ने सूचना थाना जमालपुर पुलिस को दर्ज करवाई। पारिवारिक सदस्यों के अनुसार संजीव के तीन बच्चे हैं और वह ड्राइवरी कर रहा था। कुछ समय से वह मानसिक तौर पर परेशान चल रहा था। शुक्रवार की दोपहर उसने घर में पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। शनिवार को पुलिस कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाएगी।