रुक-रुक कर होते रहे धमाके, दहशत में कटी दुर्गा कॉलोनी वासियों की रात
शहर के फोकल प्वाइंट फेस 6 की दुर्गा कॉलोनी के हजारों बाशिंदों की मंगलवार की रात दहशत में बीती। आग लगने से यहां पर रात तीन बजे तक रुक-रुक कर धमाके होते रहे।
जेएनएन, लुधियाना। शहर के फोकल प्वाइंट फेस 6 की दुर्गा कॉलोनी के हजारों बाशिंदों की मंगलवार की रात दहशत में बीती। आग लगने से यहां पर रात तीन बजे तक रुक-रुक कर धमाके होते रहे। दमकल विभाग के कर्मचारी, सिविल प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी पूरी रात यहां राहत एंव बचाव कार्यों में जुटे रहे। आग की चपेट में आई चार फैक्ट्रियों के बाद सात सौ मीटर के घेरे में रिहायशी क्षेत्र और दुकानों को शाम को ही खाली करवा दिया गया था। इस बीच लोगों हटाने के लिए पुलिस को हलका बल प्रयोग भी करना पड़ा। आग लगने की घटना के बाद एरिया की लाइट बंद कर दी गई, जिससे पूरी रात ब्लैक आउट रहा। लोगों के चेहरों पर खौफ साफ नजर आ रहा था।
50 से अधिक घरों में आई दरारें
आग से अकेले फैक्टरी मालिकों का ही नहीं बल्कि आसपास के घरों और दुकानों का भी नुकसान हुआ है। पचास से भी ज्यादा घरों की दीवारों में दरारें आई हैं। फैक्ट्री में हुए धमाकों के बाद छतों पर ड्रम गिरने से भी नुकसान हुआ है। इसके अलावा फैक्ट्रियों में खड़े दो दर्जन से भी ज्यादा वाहन आग की भेंट चढ़ गए। इनमें बड़ी संख्या में बाइक व स्कूटी, तीन कारें, चार छोटे ट्रक और मजदूरों की साइकिलें जल कर खाक हो गई हैं।
दिल दहला देने वाला था मंजर
बैग बनाने की दसमेश फैक्टरी में काम करने वाले मजदूर मोहम्मद ने बताया कि एक साल पहले ही यह फैक्टरी चली है। इसके मालिक फौजी राम ङ्क्षसह किसी काम से हिमाचल गए हुए हैं। मजदूरों के अनुसार उन्होंने जैसे ही जोरदार धमाकों के बीच आग की लपटें देखीं तो वह फैक्ट्रियों से बाहर आ गए। यहां का मंजर बेहद भयावह था। कारखानों से दो सौ मीटर तक उड़कर ड्रम नीचे गिर रहे थे। हर किसी की सांस अटकी हुई थी। देखते ही देखते पुलिस के साथसाथ चुनाव ड्यूटी में आए अर्ध सैनिक बलों के जवान भी मौके पर पहुंच गए और इलाके को खाली करवाया गया।
असहाय दिखा दमकल विभाग
आग लगने के बाद फायर बिग्रेड के कर्मचारी केमिकल फैक्टरी के पास ही असहाय खड़े रहे। शाम छह बजे ही आग ने पास की फैक्ट्रियों का घेर लिया था। मगर जब आग ने इन्हें पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया जब दूसरी तरफ गाडिय़ों को भेजा गया, जबकि केमिकल फैक्टरी में आग बुझाने का काम इसलिए रोक दिया गया था क्योंकि वहां पर केमिकल से ब्लास्ट हो रहे थे।
सभी आए मदद को आगे
आग लगने के बाद करीबन डेढ़ सो के करीब लोग वहां दमकल विभाग, पुलिस और सिविल प्रशासन की मदद को पहुंचे थे। वार्ड नंबर 28 से पार्षद टोना गर्चा ने केमिकल के ड्रमों को आग के बीच बाहर निकाला। बहुत से लोग खुद ही दुकानों से सामान बाहर निकालते हुए देखे गए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप