सीआइए स्टाफ ने 18 किलो अफीम के साथ तीन लोगों किया गिरफ्तार
थाना समराला के सीआइए स्टाफ की पुलिस ने छापेमारी कर तीन लोगों से 18 किलो अफीम बरामद कर उन्हें गिरफ्तार किया है।
समराला, जेएनएन। थाना समराला के सीआइए स्टाफ की पुलिस ने छापेमारी कर तीन लोगों से 18 किलो अफीम बरामद कर उन्हें गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान गांव तखरां के रहने वाले हरजोत सिंह, जतिंदर सिंह व बलकार सिंह के रूप में हुई है। यह जानकारी डीएसपी समराला हरिंदर सिंह मान व थाना मुखी सिकंदर सिंह चीमा ने प्रेस कांफ्रेंस में दी है। उन्होंने बताया कि थाना समराला के एसआइ जसविंदर सिंह और सीआइए स्टाफ खन्ना के सहायक थानेदार जगजीवन राम द्वारा पुलिस पार्टी के साथ नीलों पुल के नजदीक गश्त की जा रही थी।
इस दौरान एक मुखबिर ने जानकारी दी कि हरजोत सिंह अफीम बेचने का धंधा करता है। वह मोटरसाइकिल पर किसी ग्राहक को सप्लाई देने जा रहा है। इस पर पुलिस पार्टी ने गांव तखरां साइड से स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर आ रहे दो लोगों को शक के आधार पर रोक कर पूछताछ की। उनसे कर्फ्यू के दौरान घूमने का कारण पूछा, तो वे कोई जबाव न दे सके। जब शक के आधार पर उनकी तलाशी ली गई, तो हरजोत सिंह से तीन किलो अफीम बरामद हुई।
थाना मुखी सिकंदर सिंह चीमा ने बताया कि जब पुलिस पार्टी ने उक्त आरोपितों से पूछा कि वे यह अफीम कहां ले कर जा रहे हैं, तो उन्होंने माना कि यह किसी ग्राहक को सप्लाई करनी थी और एक किलो अफीम वे अपने गांव के बलकार सिंह को बेच कर आए हैं। इसके अतिरिक्त 14 किलो अफीम घर में रखी हुई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपितों को साथ लेकर घर की तलाशी ली और वहां से अफीम बरामद करने के बाद बलकार सिंह के घर छापेमारी की। वहां से बलकार सिंह को एक किलो अफीम के साथ काबू कर लिया।
थाना मुखी ने बताया कि पूछताछ के दौरान हरजोत सिंह ने माना कि वह अफीम छह माह से राजस्थान से एक लाख रुपये किलो के हिसाब से लाकर समराला, श्री माछीवाड़ा साहिब, श्री चमकौर साहिब, जगराओं व लुधियाना में सवा लाख रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचने का धंधा करता था। जांच अधिकारी ने बताया कि उक्त व्यक्तियों का पुराना रिकार्ड देखने के बाद पता चला कि हरजोत ¨सह के खिलाफ थाना माछीवाड़ा साहिब में लड़ाई, लूटपाट और नशाखोरी के कुल पांच केस दर्ज है, जिनमें वह जमानत पर चल रहा है। उन्होंने बताया कि पकडे़ गए आरोपितों को अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी।