सड़क के बीच ऑटो खड़े कर बिठा रहे थे सवारियां, 18 गिरफ्तार
लुधियाना : सड़क के बीचों-बीच ऑटो को रोककर सवारियां बिठाने वाले चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस की सख्ती जारी है। बुधवार पुलिस ने विभिन्न जगहों पर कार्रवाई करते हुए 1
जासं, लुधियाना : सड़क के बीचों-बीच ऑटो को रोककर सवारियां बिठाने वाले चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस की सख्ती जारी है। बुधवार पुलिस ने विभिन्न जगहों पर कार्रवाई करते हुए 18 ऑटो चालकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ 8 केस दर्ज किए।
थाना कोतवाली पुलिस ने एएसआइ गुरमीत सिंह की शिकायत पर 5 लोगों को नामजद किया। उनकी पहचान गुरु तेग बहादुर नगर निवासी रवि मसीह, धांधरां रोड के शहीद भगत सिंह नगर निवासी दिलीप सिंह, गिल चौक निवासी अजय तांगड़ी, गांव जंडियाली निवासी अयोध्या तिवारी तथा गांव घंगराना निवासी हरनेक सिंह के रूप में हुई। पुलिस को दी शिकायत में एएसआइ ने बताया कि सभी आरोपित रेखी सिनेमा चौक में ऑटो खड़े कर सवारियां उठा रहे थे। इससे यातायात बाधित हो रहा था।
उधर, थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने हवलदार संतोख सिंह की शिकायत पर बसंत नगर निवासी बलवीर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। उसने बताया कि आरोपित फील्डगंज स्थित जामा मस्जिद के सामने ऑटो खड़ा कर सवारियां उठा रहा था। इससे ट्रैफिक बाधित हो रहा था। वहीं, थाना तीन की पुलिस ने एएसआइ रविंदर सिंह की शिकायत पर दुगरी फेस 1 निवासी राजिंदर सिंह तथा जमालपुर कॉलोनी निवासी राजिंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। आरोपित समराला चौक पर ऑटो खड़ा कर सवारियां उठा रहे थे। थाना पांच की पुलिस ने एएसआइ तेजिंदर सिंह की शिकायत पर न्यू जनता नगर निवासी तेजिंदर सिंह तथा रिशु ढंड के खिलाफ केस दर्ज किया। बयान में उसने बताया कि आरोपित बस स्टैंड के बाहर ऑटो खड़ा कर सवारियां उठा रहे थे। थाना पांच की पुलिस ने हवलदार जज सिंह की शिकायत पर गुरमेल पार्क निवासी जतिंदर कुमार तथा सलेम टाबरी निवासी नरेश कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया। आरोपित भारत नगर चौक में ऑटो खड़ा कर सवारियां उठा रहे थे। थाना पांच की पुलिस ने ही एएसआइ नसीब सिंह की शिकायत पर लोहारा निवासी परगट सिंह तथा डाबा निवासी घन्हैया के खिलाफ केस दर्ज किया। आरोपित ध्यान सिंह कांप्लेक्स के बाहर ऑटो खड़ा कर सवारियां उठा रहे थे। थाना छह की पुलिस ने एएसआइ बलजीत सिंह की शिकायत पर अहमदगढ़ निवासी राजिंदर कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया। आरोपित गिल चौक में ऑटो खड़ा करके सवारियां उठा रहा था। थाना छह में ही पुलिस ने हवलदार जसबीर सिंह की शिकायत पर कोट मंगल सिंह निवासी धरमिंदर सिंह, ईशर नगर निवासी हरमिंदर सिंह तथा लोहारा निवासी अर्जुन सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। वे गिल चौक में ट्रैफिक बाधित कर ऑटो में सवारियां बिठा रहे थे।