बेखोफ चोरों के आगे बेबस हुई सिटी पुलिस
अरविंद शर्मा, लुधियाना सिटी में चोरों में पुलिस का कितना खौफ बचा है। इसका अंदाजा तो डेढ़ महीने में
अरविंद शर्मा, लुधियाना
सिटी में चोरों में पुलिस का कितना खौफ बचा है। इसका अंदाजा तो डेढ़ महीने में सिटी के अलग-अलग इलाकों में पांच दर्जन से अधिक हुई वारदातों से लगाया जा सकता है। वहीं पुलिस अधिकारी नाकाबंदी और पीसीआर दस्तों की मदद से लोगों की सुरक्षा करने के बड़े-बड़े दावे करते है और उनके इन दावों की हवा चोर वारदातों को अंजाम देकर निकाल रहे है। चोरी के मामलों के बढ़ते ग्राफ को देखते हुए लगता है कि लोगों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे तैनात रहने का दावा करने वाली सिटी पुलिस सर्द रातों में चैन की नींद सो रही है और चोर वारदातों को अंजाम देकर जाग रहे है। इसके चलते चोरों के बुलंद हौसलों के आगे सिटी पुलिस की बेबसी साफ नजर आती है।
गहरी धुंध भी चोरों के लिए बनी सौगात
सर्द रातों में पड़ रही गहरी धुंध जहां आमजन के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। वहीं चोरों के लिए धुंध सौगात साबित हुई है। रात में धुंध का फायदा उठाकर चोरों ने सिटी के अलग-अलग इलाकों में अनेक वारदातों को अंजाम दिया है। सुरक्षा की दृष्टि से कई इलाकों में खुद ही लोग अपने घरों और दुकानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगा रहे हैं। वारदात के दौरान चोर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कैद तो हो जाते है, लेकिन धुंध के कारण पुलिस को फुटेज में चोरों के चेहरे साफ नजर नहीं आते है।
डेढ़ महीने में 68 वारदातों को दिया अंजाम
सिटी पुलिस द्वारा लोगों की सुरक्षा के दावों की पोल खोलते हुए चोरों ने पिछले डेढ़ महीने मे 68 वारदातों को अंजाम दिया है। बताते चले कि एक दिसंबर से 15 जनवरी के बीच अलग-अलग जगहों पर घरों, दुकानों को निशाना बनाकर चोर लाखों की नकदी समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर आराम से मौका ए वारदात से फरार हो गए। इन वारदातों का शिकार बने कई लोगों का आरोप है कि चोरी की वारदात के बाद शिकायत दर्ज करवाने के लिए भी उन्हें कई-कई दिनों तक थानों के धक्के खाने पड़ते है। इसके अलावा चोरों के बुलंद हौसले का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई इलाकों में नाके और थाने से चंद कदमों की दूरी पर भी वारदातों को अंजाम दिया गया है।
पिछले डेढ़ महीने में दर्ज चोरी के मामले
डिवीजन नंबर 2 - 1
डिवीजन नंबर 3 - 5
डिवीजन नंबर 4 - 8
डिवीजन नंबर 5 - 1
डिवीजन नंबर 6 - 2
डिवीजन नंबर 7 - 3
डिवीजन नंबर 8 - 4
सराभा नगर - 1
पीएयू - 3
हैबोवाल - 3
जोधेवाल - 6
सलेमटाबरी - 2
दरेसी - 1
दुगरी - 4
मोती नगर - 5
जमालपुर - 1
फोकल प्वाइंट - 6
सदर - 5
डेहलों - 2
लाडोवाल - 2
साहनेवाल - 3
कोट्स
पुलिस टीम शहर में गश्त करती है। पुलिस ने चोरी की वारदातें करने वाले कई अपराधियों को गिरफ्तार भी किया गया है। लोगों को शिकायत दर्ज करवाने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए सभी थाना प्रमुखों को आदेश दिए जाएंगे।
रतन सिंह बराड़ एडीसीपी क्राइम