जगराओं पुल पर शहीदों की प्रतिमा के साथ लहराएगा 100 फीट ऊंचा तिरंगा
जगराओं पुल पर शहीदों की प्रतिमा के साथ अब 100 फीट ऊंचा तिरंगा लहराता हुआ नजर आएगा।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : जगराओं पुल पर शहीदों की प्रतिमा के साथ अब 100 फीट ऊंचा तिरंगा लहराता हुआ नजर आएगा। यही नहीं शहीदों की प्रतिमा के नीचे बने पार्क का सुंदरीकरण के साथ वहां पर कलरफुल लाइटनिग, शहर में अन्य शहीदों की प्रतिमाओं पर लाइटनिंग और जगराओं पुल का नवनिर्मित हिस्सा भी रंगबिरंगी लाइटों से जगमगाएगा। इन सभी प्रस्तावों को लुधियाना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की सिटी लेवल सब टेक्निकल कमेटी की बैठक में मंजूरी मिल गई है।
वीरवार को स्मार्ट सिटी के सीईओ व निगम कमिश्नर प्रदीप सभ्रवाल की अध्यक्षता में सिटी लेवल सब टेक्निकल कमेटी की बैठक हुई। इसमें जगराओं पुल पर 100 फीट ऊंचा तिरंगा लगाने के प्रस्ताव पर मोहर लगाई गई। इससे पहले रेलवे स्टेशन पर भी 100 फीट ऊंचा तिरंगा लगा है। सिटी लेवल सब टेक्निकल कमेटी की बैठक में नगर निगम जोन डी दफ्तर की इमारत, सिधवां नहर के किनारे बने पुल पर भी कलरफुल लाइटनिग करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अलावा ट्रक, टिप्पर व अन्य मशीनरी के साथ साथ फायर ब्रिगेड को अपग्रेड करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलेशन वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को भी फिर से कमेटी ने पास कर दिया।