अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, फैक्ट्री मुलाजिम समेत दो की मौत
जीटी रोड पर हमीरा फैक्ट्री के बाहर पैदल आ रहे फैक्ट्री मुलाजिम को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिस कारण उसकी मौत हो गई।
संवाद सहयोगी, कपूरथला। जीटी रोड पर हमीरा फैक्ट्री के बाहर पैदल आ रहे फैक्ट्री मुलाजिम को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिस कारण उसकी मौत हो गई। उधर खोजेवाल के समीप एक एक्टिवा सवार की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। जानकारी के अनुसार एएसआइ तरसेम सिंह ने बताया कि पवन कुमार पुत्र चरण दास निवासी गांव भागो राईया हमीरा फैक्ट्री मे काम करता था। वीरवार रात को वह अपने काम से वापस घर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। थाना सुभानपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं सहित केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज पर कार्यवाही शुरू कर दी है। गांव खोजेवाल के समीप हुए हादसे में एएसआइ मलकीत सिंह ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रमोद कुमार पुत्र नाथ प्रसाद व उसका साथी ओम प्रकाश पुत्र संतोख निवासी मंगी कॉलोनी एक्टिवा से जालंधर से वापस आ रहे थे। इस दौरान खोजेवाल के समीप पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां प्रमोद कुमार को मृत घोषित कर दिया गया। शव को अस्पताल में रखवा दिया गया है। हादसे को लेकर संबंधित थाना क्षेत्र को सूचित कर वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
आगे कुत्ता सामने आने से एक्टिवा सवार घायल
बेबे नानकी मार्ग पर एक एक्टिवा सवार के आगे अचानक आवारा कुत्ता आ गया, जिस कारण ब्रेक लगाने से एक्टिवा गिर गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मोहल्ला महताबगढ़ निवासी सुच्च सिंह के बेटे बलवीर सिंह ने बताया कि वह ड्राइविग करता है और अपनी एक्टिवा से वह किसी काम पर जा रहा था। इस बीच सामने से अचानक आवारा कुत्ता आ गया और उसने ब्रेक लगाई। इससे एक्टिवा गिर गई। राहगीरों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया।