हाईवे जाम करने वाले तीन आरोपित काबू, जेल भेजा
जालंधर-अमृतसर जीटी रोड पर स्थित जगतजीत इंडस्ट्री के बाहर प्रदर्शन के दौरान हाईवे जाम करने वाले तीन आरोपितों को काबू किया है।
संवाद सहयोगी, कपूरथला
जालंधर-अमृतसर जीटी रोड पर स्थित जगतजीत इंडस्ट्री के वर्करों की मांगों को लेकर जगतजीत इंडस्ट्री डेमोक्रेटिक वर्कर्स यूनियन की ओर से हाईवे पर जाम लगाने वाले तीन आरोपियों को थाना सुभानपुर की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मामले में अभी चार नामजद आरोपी समेत कई अज्ञात फरार चल रहे हैं जिनकी गिरफ्तारी के लिए थाना सुभानपुर की पुलिस छापामारी कर रही है। थाना सुभानपुर के एसएचओ जसपाल सिंह ने बताया कि 17 फरवरी को हमीरा फैक्टरी के वर्करों की मांगों को लेकर वर्कर्स यूनियन के नेताओं ने कश्मीर सिंह घुग्गशोर, गुरप्रीत सिंह को साथ लेकर धरना दिया गया था। अदालत के आदेशानुसार हमीरा मिल के 500 मीटर के दायरे में धरना देने का प्रतिबंध लगाया गया है। प्रदर्शनकारी पुलिस के समझाने के बावजूद अदालत के आदेश का उल्लंघन कर रहे थे। इस संघर्ष के दौरान प्रदर्शनकारियों ने करीब सात घंटे हाईवे जाम रखा। मामले में पुलिस ने सात व्यक्ति को नामजद किया था। कई अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया था। इनमें से सुभानपुर पुलिस ने तीन आरोपियों कश्मीर सिंह घुग्गशोर, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और नारायण सिंह हमीरा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बाकी चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से छापामारी की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी काबू कर लिया जाएगा।