मान से जिला अध्यक्ष पद छीनना ठीक नहीं: हीरो
भगवान वाल्मीकि एक्शन कमेटी की एक विशेष बैठक स्थानीय कार्यालय पटेल नगर में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान धर्मवीर सेठी ने की जबकि कमेटी के चेयरमैन कृष्ण कुमार हीरो विशेष तौर पर शामिल हुए।
संवाद सहयोगी, फगवाड़ा: भगवान वाल्मीकि एक्शन कमेटी की एक विशेष बैठक स्थानीय कार्यालय पटेल नगर में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान धर्मवीर सेठी ने की जबकि कमेटी के चेयरमैन कृष्ण कुमार हीरो विशेष तौर पर शामिल हुए। बैठक में पूर्व मंत्री जोगिन्द्र सिंह मान को जिला प्रधान पद से हटाये जाने की कड़ी आलोचना की गई। कृष्ण कुमार हीरो ने कहा कि जोगिन्द्र सिंह मान वाल्मीकि समाज के बहुत ही अनुभवी एवं योग्य कांग्रेस नेता है, जिन्हे फगवाड़ा ही नहीं बल्कि पूरे जिले के लोग बहुत सम्मान देते है। पिछले करीब 35 वर्षो में मान ने कांग्रेस की मजबूती के लिए बहुत काम किया है। कई महत्वपूर्ण विधानसभा चुनाव जिताए। सरकार में मंत्री रहे तब भी और जब कांग्रेस को विपक्ष में बैठना पड़ा तब भी जनता की सेवा में हमेशा लगे रहे। हाल ही के पंचायत चुनाव में फगवाड़ा की कुल 91 में से 70 पंचायतों, कुल 20 में से 15 ब्लॉक समितियों तथा फगवाड़ा की दोनो जिला परिषद सीटों पर कांग्रेस का कब्जा मान जैसे करिश्माई नेता की बदौलत ही संभव हो सका है। फगवाड़ा के अलावा भुलत्थ तथा सुल्तानपुर लोधी में भी इन चुनावों में मान की बदौलत कांग्रेस पार्टी को शानदार जीत मिली। इस सब के बावजूद हाईकमान ने मान की पीठ ठोकने की बजाय वाल्मीकि समाज के कद्दावर नेता से जिला प्रधान का पद छीन कर एक ऐसी महिला को सौंप दिया, जो 2017 में कैप्टन सरकार बनने के बाद अब तक विदेश में ही रही। यहां तक कि विगत विधानसभा चुनाव में मान को हराने में भी इस महिला व उसके पति का विशेष हाथ माना जाता है। दोबारा सौंपा जाए पद: सेठी
कृष्ण कुमार हीरो के अलावा धर्मवीर सेठी व अन्य पदाधिकारियों ने भी रोष भरे लहजे में कहा कि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले मान को जिला अध्यक्ष पद से हटाना वर्करों के हौसले तोड़ने वाला फैसला है। इसलिए वे एक स्वर में मांग करते है कि जोगिन्द्र सिंह मान को दोबारा जिला कपूरथला का प्रधान पद सौंपा जाए। इस अवसर पर सतीश सल्होत्रा उप प्रधान, कुंदन लाल कल्याण, तिलकराज मट्टू, मनोहर लाल गिल, विनोद नाहर, रामपुरी, सुरिन्द्र सल्होत्रा के अलावा अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।