Move to Jagran APP

नगर निगम चुनावों में दावेदारों का करवाएंगे सर्वे, जीतने वालों को देंगे टिकट : अश्वनी शर्मा

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने फगवाड़ा में भाजपा नेताओं से बैठक की।

By JagranEdited By: Published: Sat, 05 Dec 2020 07:02 PM (IST)Updated: Sun, 06 Dec 2020 02:03 AM (IST)
नगर निगम चुनावों में दावेदारों का करवाएंगे सर्वे, जीतने वालों को देंगे टिकट : अश्वनी शर्मा
नगर निगम चुनावों में दावेदारों का करवाएंगे सर्वे, जीतने वालों को देंगे टिकट : अश्वनी शर्मा

अमित ओहरी, फगवाड़ा

loksabha election banner

पंजाब सरकार की ओर से 13 फरवरी से पहले नगर निगम चुनाव करवाने को लेकर अधिसूचना जारी की गई है। बेशक चुनाव आयोग की ओर से प्रदेश में होने वाले नगर निगम व नगर कौंसिल के चुनावों को लेकर अभी कोई भी घोषणा नहीं की गई है लेकिन सभी राजनीतिक पार्टियों ने निगम चुनावों की तैयारियों शुरू कर दी है। इसी के तहत शनिवार को पंजाब भाजपा के प्रधान अश्वनी शर्मा फगवाड़ा पहुंचे और उन्होंने नगर निगम चुनावों को लेकर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ-साथ साल 2015 में भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़कर पार्षद बनने वालों से स्थानीय प्राइम टावर में बैठक की। बैठक में प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री दिनेश शर्मा, प्रदेश भाजपा महासचिव सुभाष शर्मा, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राजेश बाघा, जिला भाजपा के प्रभारी मोहन लाल सेठी भी विशेष तौर पर मौजूद रहे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आगामी निगम चुनावों को लेकर बनाई जाने वाली रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किया। बैठक में शामिल नेताओं ने अपने विचार प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के समक्ष रखे।

बैठक को संबोधित करते हुए अश्वनी शर्मा ने कहा कि नगर निगम चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं का भाजपा हाईकमान की ओर से एजेंसियों से अपने स्तर पर सर्वे करवाया जाएगा और उसी के आधार पर जीतने वाले उम्मीदवारों को ही चुनावी मैदान में उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनावों को लेकर फगवाड़ा में भाजपा की ओर से आठ सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाएगा जो निगम चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की सूची तैयार करेंगी। उन्होंने कहा कि कमेटी द्वारा तैयार की गई प्रत्याशियों की सूची पर भाजपा हाईकमान मंथन करेगी और चुनाव जीतने वाले प्रत्याशी को टिकट दिया जाएगा।

अश्वनी शर्मा ने कहा कि आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर भाजपा पूरी तरह से तैयार है। चुनाव आयोग की ओर से निगम चुनावों की तारीख की घोषणा होने के बाद भाजपा अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टी की ओर से घोषित किए गए प्रत्याशी को देख उसके मुकाबले में भाजपा अपना प्रत्याशी बदल भी सकती है।

प्रधान अश्वनी शर्मा ने कहा कि अकाली दल के भाजपा से अलग होने से पार्टी को किसी भी स्तर पर कोई फर्क नहीं पड़ता। भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है और आगामी नगर निगम चुनावों में भाजपा फगवाड़ा में सभी 50 वार्डो पर अपने उम्मीदवार उतारकर अपने दम पर लड़ेगी। उन्होंने बैठक में मौजूद सभी भाजपा नेताओं से आगामी निगम चुनावों को लेकर तैयार रहने को कहा। साथ ही सभी से अपील की कि आपसी मतभेद भुलाकर सभी नेता व कार्यकर्ता एकजुट होकर निगम चुनाव लड़ें व पार्टी हाईकमान की ओर से जिसे भी टिकट दिया जाए उसे जिताने के लिए काम करें।

भाजपा प्रधान अश्वनी शर्मा ने दावा किया कि भाजपा सभी नौ नगर निगमों पर जीत दर्ज कर अपना मेयर बनाएगी। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता अवतार मंड, पूर्व मेयर अरूण खोसला, पूर्व नगर कौंसिल अध्यक्ष बलभद्रसेन दुग्गल, भारती शर्मा, पंकज चावला, बीराराम बलजोत, महिंदरपाल थापर, अशोक दुग्गल, संजय ग्रोवर, परमजीत खुराना, सुनील मदान, नितिन चड्ढा, चंद्ररेश कौल, रीना खोसला भी उपस्थित थे।

किसानों के मुद्दे पर कुछ नहीं बोले अश्वनी शर्मा

किसानों के मुद्दे तथा यूथ काग्रेसी नेताओं द्वारा उनके विरोध पर पूछे गए सवालों पर प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कोई भी टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों का मामला केंद्र सरकार देख रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार किसानों के हक में है और जल्द ही इस मामले का समाधान हो जाएगा। इससे ज्यादा इस मुद्दे पर वह कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.