अंधेरी जिंदगी में उजाला लाएगी स्व. सीता राम कपूर की आंखें
शहर निवासी स्वर्गीय सीता राम कपूर के नेत्रदान उनके बेटे रमनीक कपूर और रजनीश कपूर ने करवाए।
संवाद सूत्र, फगवाड़ा : शहर निवासी स्वर्गीय सीता राम कपूर के नेत्रदान उनके बेटे रमनीक कपूर और रजनीश कपूर ने करवाए। अब स्वर्गीय सीता राम कपूर की आखों से किसी दृष्टिहीन को दुनिया देखने का मौका मिल जाएगा। परिवार के किसी सदस्य के खोने के गम को दरकिनार कर महादान कराने वाले ऐसे मामले बहुत कम ही देखने को मिलते हैं जब परिजन नेत्रदान की सहमति देते हैं। खत्री समाज वेलफेयर सोसायटी फगवाड़ा के प्रधान रमन नेहरा ने कहा कि कुछ लोग ऐसे होते है जब वह संसार से विदा होते है कुछ ऐसा कर जाते है जिससे उनकी स्मृतियां हमेशा के लिए इस दुनिया में बनी रहती है। ऐसे ही स्वर्गीय सीता राम कपूर ने किया। जिन्होंने मृत्यु के कुछ वर्ष पूर्व ही नेत्रदान करने का संकल्प पत्र भरा था। उनकी मृत्यु के बाद उनका यह संकल्प उनके पारिवारिक सदस्यों की ओर से पूरा करवाया गया। नेत्रदान करने के उपरांत डाक्टरों की टीम की ओर से प्रमाण पत्र भी भेंट किया गया। इस मौके पर उनके स्वर्गीय सीता राम कपूर के पारिवारिक सदस्य व समाजसेवक अनुराग मनखंड भी उपस्थित थे।