विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

35 लाख का 'राजा' भैंसा चोरी, बादाम-देसी घी खाने वाले चैंपियन के लिए 1 लाख के इनाम का एलान

Published: Thu, 29 Oct 2026 03:26 PM (IST)

पंजाब के कपूरथला जिले के काला संघियां गांव से 20 वर्षीय चैंपियन रेसिंग भैंसा 'राजा' और दो अन्य भैंसें चोरी हो गईं।

कपूरथला में चैंपियन रेसिंग भैंसा 'राजा' चोरी, परिवार ने 1 लाख का इनाम रखा।

कपूरथला में चैंपियन रेसिंग भैंसा 'राजा' चोरी, परिवार ने 1 लाख का इनाम रखा।

HighLights

  1. कपूरथला से 20 वर्षीय चैंपियन रेसिंग भैंसा 'राजा' चोरी हो गया

  2. राजा ने अपने रेसिंग करियर में 100 से अधिक प्रतियोगिताएं जीती थीं

  3. परिवार ने राजा की वापसी पर एक लाख रुपये का इनाम रखा

संवाद सहयोगी, कपूरथला। पंजाब के कपूरथला जिले के प्रसिद्ध गांव काला संघियां से 20 वर्षीय नर भैंसा ‘राजा’ चोरी हो गया है। परिवार के जसकरण सिंह ने बताया कि राजा और उसके साथ दो अन्य भैंसों को चोरी किया गया है।

इस घटना से पशुपालक परिवार सदमे में है। परिवार ने 35 लाख के कीमत वाले राजा का सुराग देने या उसकी तलाश में मदद करने वाले व्यक्ति को एक लाख रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है।

19 साल के रेसिंग करियर में जीता 100 से अधिक प्रतियोगिता

राजा पारंपरिक हल्ट रेस, नट्टां दी दौड़ और झोट्टेयां दी दौड़ में अपनी ताकत और फुर्ती के लिए प्रसिद्ध था। परिवार के अनुसार, उसने अपने लंबे रेसिंग करियर में 100 से अधिक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और कभी हार का सामना नहीं किया। उसने प्रतियोगिताओं में ट्रैक्टर, कार, 87 मोटरसाइकिलें और लाखों रुपये के नकद पुरस्कार जीते थे।

C-394-1-JAL1101-376127 (1)

वह लगातार 10 साल तक धापई बैल दौड़ मेले और छह साल तक नट्टां दी दौड़ का विजेता रहा। गांव के लोगों के लिए राजा केवल एक पशु नहीं, बल्कि पूरे इलाके की शान था। उसकी जीत के पुराने वीडियो आज भी इंटरनेट मीडिया पर देखे जाते हैं। उसकी लोकप्रियता के कारण उसके लापता होने की खबर से पशु प्रेमियों और ग्रामीणों में भी चिंता है।

सीसीटीवी में संदिग्ध बोलेरो कैंपर में पशुओं को ले जाते दिखे आरोपी

जसकरण सिंह ने बताया कि करीब 20 दिन पहले राजा को खेत में मोटर और कुएं के पास बांधा गया था। अगली सुबह जब परिजन वहां पहुंचे तो राजा के साथ दो अन्य भैंसें भी गायब थीं। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस की शुरुआती जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध बोलेरो कैंपर जैसी गाड़ी में तीन पशुओं को ले जाते हुए देखा गया है।

हालांकि, पशुओं को ले जाने वाले लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है। परिवार का कहना है कि राजा अजनबियों को अपने पास नहीं आने देता था और खतरा महसूस होने पर हमला भी कर सकता था। ऐसे में परिजनों को आशंका है कि उसे काबू करने के लिए कोई नशीला पदार्थ खिलाया गया हो या किसी अन्य तरीके से बहलाया गया हो। हालांकि, इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें- हरियाणा के पशु मेले में छाया 15 करोड़ की कीमत वाला 'विधायक', डाइट में खाता है काजू-अखरोट; 23 बार रहा चैंपियन

खाता था बादाम-मखाने और देसी घी

राजा की देखभाल करने वाले परिवार के सदस्यों के मुताबिक, उसे सामान्य चारे के अलावा बादाम, मखाने और देसी घी का विशेष मिश्रण दिया जाता था। उसकी खुराक और देखभाल पर खास ध्यान दिया जाता था, ताकि वह प्रतियोगिताओं के लिए स्वस्थ और मजबूत बना रहे।

परिवार के अनुसार, राजा को कम उम्र में गांव हरीमपुर से लाया गया था और उसके बाद से उसकी देखभाल परिवार के लिए जीवन का अहम हिस्सा बन गई। राजा के लापता होने के बाद से परिजन बेहद परेशान हैं और उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

दिसंबर में होनी थी रेसिंग से विदाई

परिवार के लिए यह घटना इसलिए भी दुखद है, क्योंकि राजा को इसी साल रेसिंग से सम्मानपूर्वक विदाई देने की तैयारी की जा रही थी। दिसंबर में होने वाले बाबा कहान दास बुल रेस टूर्नामेंट के दौरान उसे पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया जाना था। परिवार चाहता था कि वर्षों तक प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाने वाले राजा को सम्मान के साथ रेसिंग से संन्यास दिलाया जाए, लेकिन इससे पहले ही उसके लापता होने की घटना सामने आ गई।

परिवार ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को राजा या उसके साथ गायब हुई दोनों भैंसों के बारे में कोई जानकारी मिले, तो वह परिवार या पुलिस को सूचित करे। जानकारी देने और तलाश में मदद करने वाले व्यक्ति को एक लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। गांववासी और पशु प्रेमी राजा की सकुशल वापसी की उम्मीद कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें- हरियाणा की भैंस ने 41 KG दूध देकर तोड़ा रिकॉर्ड, रोजाना सरसों के तेल से होती है मालिश; गद्दों पर सोती है 'दुर्गा'