गांव साहनी के राज मिस्त्री ने पत्नी की गला घोंटकर की हत्या
फगवाड़ा के गांव साहनी में राज मिस्त्री का काम करने वाले पति द्वारा अपनी पत्नी की गला घोटकर हत्या कर दी गई।
संवाद सहयोगी, फगवाड़ा : फगवाड़ा के गांव साहनी में राज मिस्त्री का काम करने वाले पति द्वारा अपनी पत्नी की गला घोटकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान पिंदर कौर (37) पत्नी पवन कुमार वासी गांव साहनी फगवाड़ा के रूप में हुई है। थाना रावलपिंडी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल फगवाड़ा के शवगृह में रखवा दिया है। उधर सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने आरोपित पति पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस ने समाचार लिखे जाने तक पति की गिरफ्तारी की अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है।
थाना रावलपिंडी के एसएचओ करनैल सिंह के मुताबिक गांव सुन्नड़ा राजपूता की रहने वाली पिंदर कौर की शादी वर्ष 2007 में गांव साहनी के रहने वाले राज मिस्त्री का काम करते पवन कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद इनके दो बेटियां है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि दोनो पति-पत्नी के बीच घरेलू झगड़ा रहता था और इसे लेकर पंचायती राजीनामा व आदालती केस भी चले। करीब 10 दिन पहले गणमान्य व्यक्तियो ने इनकी आपसी सुलह करवा दी। इसके बाद मृतक लड़की पिंदर कौर अपने पति पवन कुमार के साथ गांव साहनी में रहने लगी।
एसएचओ के मुताबिक इनकी दोनो बेटियां अपने नानके गई हुई थी। वीरवार सुबह दोनो पति-पत्नी में किसी बात को लेकर लड़ाई-झगड़ा हो गया। इसके बाद पति पवन कुमार ने अपनी पत्नी पिंदर कौर की गला दबाकर हत्या कर दी। एसएचओ करनैल सिंह ने बताया कि मामले को लेकर आरोपित पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।