पंजाब के फगवाड़ा में घरेलू विवाद ने लिया खूनी मोड़, चाकू लगने से पत्नी की मौत; पति घायल
फगवाड़ा के मोहल्ला टिब्बी में पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े में चाकू लगने से पत्नी जसविंदर कौर की मौत हो गई।

पंजाब के फगवाड़ा में घरेलू विवाद ने लिया खूनी मोड़ (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
फगवाड़ा में पति-पत्नी के झगड़े में चाकू लगने से पत्नी की मौत
मृतका जसविंदर कौर, पति गुरप्रीत सिंह भी घटना में घायल हुए
पुलिस ने जांच शुरू की, घायल पति पुलिस सुरक्षा में अस्पताल में भर्ती
जागरण संवाददाता, कपूरथला। फगवाड़ा के मोहल्ला टिब्बी में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहाँ पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के दौरान चाकू लगने से पत्नी की मौत हो गई।
मृतका की पहचान जसविंदर कौर, पत्नी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों करीब 15-20 दिन पहले ही मोहल्ला टिब्बी में किराये पर कमरा लेकर रहने आए थे। बुधवार शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान चाकू का वार हुआ, जिसमें जसविंदर कौर घायल हो गईं और उनकी मौत हो गई।
उनका पति गुरप्रीत सिंह भी इस घटना में घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल गुरप्रीत सिंह को इलाज के लिए सिविल अस्पताल फगवाड़ा में पुलिस सुरक्षा में भर्ती करवाया गया है।
एसपी मेजर सिंह ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है कि विवाद किस कारण शुरू हुआ और घटना के दौरान असल में क्या हुआ। डीएसपी पलविंदर सिंह भी सिविल अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
