विजय सांपला सामाजिक स्वयंसेवी संगठन संपर्क कमेटी के सदस्य बने
संवाद सहयोगी, फगवाड़ा :भाजपा की ओर से आगामी लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर कई समितियों का गठन किया गया है।
संवाद सहयोगी, फगवाड़ा :भाजपा की ओर से आगामी लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर कई समितियों का गठन किया गया है। इसी के तहत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नीतिन गडकरी के नेतृत्व में बनाई गई 12 सदस्यीय समाजिक-स्वयंसेवी संगठन संपर्क कमेटी में केंद्रीय राज्य मंत्री व लोकसभा हलका होशियारपुर से सांसद विजय सांपला को भी शामिल किया गया है। दैनिक जागरण के साथ बातचीत में केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला ने कहा कि भाजपा की ओर से आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में जोरों शोरों से तैयारियां की जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें समाजिक-स्वयंसेवी संगठन संपर्क कमेटी का सदस्य बनाया है, इसके तहत वे देश भर की समाजिक व स्वयंसेवी संस्थाओं से संपर्क करेंगे व उन्हें पार्टी के साथ जोड़ेंगे। विजय सांपला ने कहा कि लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों से अवगत करवाया जाएगा, वहीं उन्हें पीएम मोदी की लोकहित योजनाओं की भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ही देश की उन्नति, प्रगति व विकास कर सकते है। सांपला ने कहा कि पीएम मोदी ने हमेशा देशहित व देश के लोगों के हितों के लिए काम किया है। उधर, केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने उन्हें समाजिक-स्वयंसेवी संगठन संपर्क कमेटी का सदस्य बनाए जाने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का आभार प्रकट किया है।