ओंकार नगर के फाइनांसर ने जहरीला पदार्थ निगला, मौत
फगवाड़ा के ओंकार नगर क्षेत्र में रहने वाले एक फाइनांसर ने जहरीला पदार्थ निगल लिया।
संवाद सूत्र, फगवाड़ा : फगवाड़ा के ओंकार नगर क्षेत्र में रहने वाले एक फाइनांसर ने रहस्यमय परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसके बाद उपचार के दौरान फाइनांसर की मौत हो गई। मृतक फाइनांसर की पहचान अशोक कुमार 52 पुत्र हरिदत्त निवासी ओंकार नगर फगवाड़ा के रुप में हुई है।
मामले को लेकर पुलिस ने मृतक अशोक कुमार के बेटे अमित जोशी के बयानों पर शहर के करीब दस लोगों पर केस दर्ज किया है। केस में नामजद किए गए आरोपितों में किरण नांरग, बलवंत सिंह, प्रदीप कुमार, नरेश मान, आशु, पवन कुमार, अनीता, विनोद कुमार, गुडडू व प्रेम चंद सभी निवासी फगवाड़ा शामिल हैं।
मृतक फाइनांसर के बेटे अमित का आरोप है कि उसके पिता को उक्त आरोपितों ने आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया है। अमित का आरोप है कि उसके पिता की मौत के बाद उसे अपने पिता की एक्टिवा से मिले कागजों में उसके पिता ने अपनी मौत के लिए उक्त आरोपितों को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने आरोपितों पर केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।