कपूरथला में पुरानी रंजिश में बाइक सवार बदमाशों ने दो भाईयों पर चलाई गोलियां, बड़े की मौत और छोटा घायल
कपूरथला के बिशनपुर जट्टां गांव में पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार हमलावरों ने दो भाइयों पर फायरिंग कर दी। ...और पढ़ें

कपूरथला में पुरानी रंजिश में चली गोली में बड़े भाई की मौत, छोटा घायल।
HighLights
कपूरथला के बिशनपुर जट्टां में पुरानी रंजिश में फायरिंग
हमले में एक भाई की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
पुलिस ने आरोपियों की पहचान की, जल्द गिरफ्तारी का दावा
जागरण संवाददाता, कपूरथला। जिले के गांव बिशनपुर जट्टां में मंगलवार देर शाम पुरानी रंजिश खून-खराबे का कारण बन गई। बाइक पर आए दो हमलावरों ने दो भाइयों पर फायरिंग कर दी। इस हमले में बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी और दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बा (24) पुत्र सोढी निवासी बिशनपुर जट्टां के रूप में हुई है। घायल छोटे भाई का नाम हर्षदीप है। घायल को इलाज के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
सूचना मिलते ही डीएसपी डा. शीतल सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी। मौके से सबूत जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने खाली खोल और अन्य निशान अपने कब्जे में लिए हैं।
मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि लवप्रीत का गांव के कुछ लोगों से पहले झगड़ा चल रहा था। वे लगातार धमकियां दे रहे थे। इसी डर के कारण उन्होंने बेटे को गांव से दूर रिश्तेदारों के यहां रखा हुआ था।
वह खुद समय-समय पर जाकर उससे मिलती थीं। मंगलवार को लवप्रीत ने फोन कर घर आने की बात कही, तो मैंने मना भी किया। इसके बावजूद वह कब गांव पहुंचा, किसी को पता नहीं चला और हमलावरों ने उसे निशाना बना दिया।
आरोपितों की हुई पहचान, जल्द होगी गिरफ्तारी: डीएसपी
डीएसपी डॉ. शीतल सिंह ने बताया कि हमले में शामिल आरोपितों की पहचान कर ली गई है। पुलिस अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही है और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
