विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कपूरथला में 30 रुपये के झगड़े ने ली जान, मजदूर की गला घोंटकर हत्या; सुबह गेट के पास मिला शव

Published: Mon, 27 Apr 2026 02:21 PM (GMT+05:30)

नडाला में 30 रुपये के विवाद में 22 वर्षीय मजदूर सूरज कुमार की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ...और पढ़ें

शव की जांच करने के लिए पहुंचे पुलिस अधिकारी लोगों से बातचीत करते हुए।

शव की जांच करने के लिए पहुंचे पुलिस अधिकारी लोगों से बातचीत करते हुए।

HighLights

  1. 30 रुपये के विवाद में मजदूर की हत्या।

  2. कपूरथला के नडाला में हुई खौफनाक वारदात।

  3. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, नडाला(कपूरथला)। पंजाब के कपूरथला जिले के नडाला कस्बे में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां 30 रुपये को लेकर हुए झगड़े में एक 22 वर्षीय मजदूर की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान सूरज कुमार पुत्र रामचंद्र मंडल के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब साढ़े दस बजे सूरज का अपने कुछ साथियों के साथ बाजार में 30 रुपये को लेकर विवाद हो गया था। झगड़ा बढ़ता देख उसके पिता रामचंद्र मंडल मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर बेटे को वहां से निकालकर उसके रहने वाले क्वार्टर में छोड़ आए।

परिवार को क्या पता था कि यह विवाद इतनी बड़ी वारदात में बदल जाएगा। सोमवार सुबह जब पिता दोबारा बेटे को लेने के लिए क्वार्टर पहुंचे तो वहां का मंजर देख उनके होश उड़ गए। सूरज का शव क्वार्टर के गेट के पास पड़ा हुआ था। यह देखकर उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी।

यह भी पढ़ें- पंजाब में 17 अप्रैल के बाद क्यों बढ़ा बिजली संकट, मंत्री अरोड़ा ने बताया कारण; अब 4 घंटे से अधिक नहीं लगेगा कट

शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू

सूचना मिलते ही थाना सुभानपुर की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक हरजिंदर सिंह और नडाला चौकी प्रभारी बलजिंदर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हरिंदर सिंह गिल ने बताया कि मृतक के पिता के बयान के आधार पर केस दर्ज किया गया है। जिन लोगों के साथ सूरज का झगड़ा हुआ था, उनसे पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ें- घरेलू विवाद में पिता ने बेटी को मार किया संस्कार, डेढ़ साल से पत्नी नहीं लौटी तो उठाया खौफनाक कदम

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह घटना एक बार फिर यह दिखाती है कि छोटे-छोटे विवाद किस तरह से गंभीर और जानलेवा बन सकते हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की कोशिश में जुटी है।

यह भी पढ़ें- लुधियाना के माछीवाड़ा में ईडी की कार्रवाई, भुल्लर केस में करीबी के कार्यालय पर छापा; प्रॉपर्टी कनेक्शन की जांच