सुबह धुंध, दिन भर शीतलहर से ठिठुरन बढ़ी
कपूरथला में रविवार को सुबह के समय धुंध छाई रही।
संवाद सहयोगी, कपूरथला : रविवार को सुबह दस बजे तक शहर धुंध की चादर में लिपटा रहा। विजिबिलिटी कम होने से की वजह से सुबह के समय वाहन चालक सड़कों पर लाइट जलाकर चलते दिखे। रविवार को दिन भर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। ठंडी हवा चलने की वजह से जनजीवन पूरी तरह से अस्तव्यस्त हो गया। रविवार को धुंध के बीच बच्चे स्कूल जाते दिखाई दिए। सुबह के समय विजिबिलिटी पांच मीटर थी। करीब 12 बजे के बाद धुंध कम होना शुरू हुआ। इसके बाद दिन चल रही ठंडी हवाएं चलती रही। शीत लहर के कारण लोग घरों में दुबके रहे। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 16 डिग्री न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। आगामी दिनों में बादल छाने के अलावा हल्की बारिश होने की संभावना है। रविवार को पड़ी घनी धुंध के चलते वाहन चालक लाइट जलाकर रेंगते हुए चल रहे थे। ठंड कम होने की आस लगाए मजदूरों के समक्ष रोजी रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है।
गर्म कपड़ों की बढ़ी मांग
ठंड बढ़ने की वजह से गर्म कपड़ों की मांग बढ़ गई है। रविवार को शहर के बाजारों में बाजार में लोग स्वेटर, जैकेट, टोपी, मफलर, शाल, कंबल आदि की खरीदारी करते देखे गए। सरकारी कार्यालयों में रूम हीटर जलाकर अधिकारी और कर्मचारी सर्दी दूर करते रहे। कृषि विभाग के अधिकारी युगराज सिंह का कहना है कि आने वाले दिनों में धुंध का कहर जारी रहेगा। बारिश होने के आसार भी बने हुए है।
बुजुर्गो और बच्चों की सेहत का रखे ध्यान : डा.तारा सिंह
सिविल अस्पताल कपूरथला के एसएमओ डा. तारा सिंह ने कहा कि ठंड के मौसम में बच्चों और बुजुर्गो की सेहत का ध्यान रखने की जरूरत है। सुबह और शाम के समय घर से बाहर नहीं निकलें। धूप निकलने के बाद ही सैर करने के लिए जाएं। नहाने से लेकर पीने तक के लिए गर्म पानी का उपयोग करें। बीमार होने पर नजदीकी सेहत केंद्र में जाकर डाक्टर से संपर्क करें।