विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

LPU हिंसा मामला पहुंचा हाईकोर्ट, CBI जांच की मांग वाली PIL पर कल होगी सुनवाई

Published: Tue, 29 Sep 2026 05:50 PM (IST)

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में हुई हिंसा और तोड़फोड़ का मामला अब पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच गया है।

LPU हिंसा मामला पहुंचा हाईकोर्ट।

LPU हिंसा मामला पहुंचा हाईकोर्ट।

HighLights

  1. एलपीयू हिंसा, तोड़फोड़ मामले में हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर।

  2. एक छात्र ने घटना की सीबीआई जांच की मांग की है।

  3. कथित यौन उत्पीड़न के दावों के बाद भड़का था विवाद।

जागरण संवाददाता, फगवाड़ा। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में हालिया हिंसा, तोड़फोड़ और आगजनी का मामला अब पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यूनिवर्सिटी के एक छात्र ने पूरे घटनाक्रम की सीबीआई जांच की मांग को लेकर जनहित याचिका (पीआईएल) दायर की है।

बताया जा रहा है कि याचिका को मंगलवार को हाईकोर्ट में तत्काल सुनवाई के लिए मेंशन किया गया। इसके बाद मुख्य न्यायाधीश की ओर से मामले को बुधवार सुबह सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किए जाने की जानकारी सामने आई है।

यौन उत्पीड़न के दावों के बाद भड़का था विवाद

मामला एलपीयू परिसर में हुए छात्र प्रदर्शनों से जुड़ा है। एक छात्रा से कथित यौन उत्पीड़न से संबंधित दावे सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी में विरोध प्रदर्शन शुरू हुए थे। प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ने पर परिसर में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं।

घटना को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से मामले की जांच के लिए एसआईटी (विशेष जांच दल) गठित किए जाने की भी जानकारी है। वहीं, एलपीयू प्रशासन ने परिसर में छात्रा के साथ ऐसी कथित घटना होने के दावे से इनकार किया है।

जालंधर-फगवाड़ा हाईवे पर भी प्रभावित हुआ यातायात

प्रदर्शन के दौरान जालंधर-फगवाड़ा मार्ग पर भी यातायात प्रभावित हुआ। घटनाक्रम के बाद पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई। स्थिति को देखते हुए एलपीयू ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए कक्षाएं स्थगित करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही मिड-टर्म परीक्षाओं को भी आगे बढ़ाया गया है।

अब हाईकोर्ट की सुनवाई पर नजर

एलपीयू मामले में अब सीबीआई जांच की मांग वाली पीआईएल हाईकोर्ट पहुंचने के बाद बुधवार की सुनवाई महत्वपूर्ण हो गई है। हाईकोर्ट में याचिका पर क्या रुख सामने आता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।