कपूरथला में LPG रिफिलिंग गोदाम का भंडाफोड़, 100 से अधिक सिलिंडर बरामद; आरोपी दुकानदार फरार
कपूरथला पुलिस ने मोहल्ला सीनपुरा में अवैध गैस सिलिंडर कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी में विभिन्न कंपनियों के 112 घरेलू और व्यावसायिक सिलिंडर बरामद हुए।
-1789668179818_m.webp)
कपूरथला में LPG रिफिलिंग गोदाम का भंडाफोड़। फाइल फोटो
HighLights
पुलिस ने कपूरथला में अवैध गैस सिलिंडर कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया।
मोहल्ला सीनपुरा से 112 घरेलू और व्यावसायिक सिलिंडर जब्त हुए।
आरोपी दुकानदार मौके से फरार, खाद्य विभाग की भूमिका पर सवाल।
जागरण संवाददाता, कपूरथला। थाना सिटी पुलिस ने गैस सिलिंडर की काला बाजारी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मोहल्ला सीनपुरा निकट चूहड़वाल चुंगी के पास एक किराए की दुकान में छापेमारी कर अलग-अलग कंपनियों के 112 घरेलू व कामर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। आरोपित दुकानदार पुलिस टीम को देखकर भाग निकला। थाना सिटी में आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस संबंधी जानकारी देते हुए जांच अधिकारी इंस्पेक्टर अंजू ने बताया कि पुलिस पार्टी ला एंड आर्डर ड्यूटी के तहत चूहड़वाल चुंगी के पास प्राइवेट वाहनों की नाकाबंदी कर मौजूद थी।
इसी दौरान मुखबिर खास ने मुख्य अफसर थाना को सूचना दी कि मोहल्ला सीनपुरा में रवि हार्डवेयर एंड शटरिंग स्टोर का मालिक अपनी दुकान के पास ही एक किराए की दुकान/गोदाम लेकर उसमें अलग-अलग कंपनियों के गैस सिलेंडर अवैध रूप से जमा करके बाजार भाव से अधिक कीमत पर अपनी मर्जी से बेचने का काम करता है।
सूचना को सच्ची और भरोसेमंद मानते हुए मुख्य अफसर थाना ने साथी कर्मचारियों के साथ तुरंत मोहल्ला सीनपुरा स्थित उस किराए के गोदाम पर रेड की। तलाशी के दौरान गोदाम से भारी मात्रा में अलग-अलग कंपनियों के 112 गैस सिलेंडर बरामद हुए।
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपित दुकानदार के खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित की पहचान रवि हार्डवेयर एंड शटरिंग स्टोर के मालिक के रूप में हुई है, जो मोहल्ला सीनपुरा का रहने वाला है। फिलहाल आरोपित की गिरफ्तारी बाकी है और पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।
लंबे समय से चल रहा था कारोबार
क्षेत्र के लोगों से बात करने पर पता चला है कि अवैध रूप से गैस सिलिंडर की रिफिलिंग का काम आरोपित दुकानदार लंबे समय से करता आ रहा था। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है कि इस बडी़ मात्रा में गैस सिलिंडर आरोपित किस गैस एजेंसी से लेकर आता था और कैसे इस तक सिलिंडर पहुंचते थे।
खाद्य और आपूर्ति विभाग की कारगुजारी पर सवाल
आरोपित दुकानदार बड़े सिलिंडरों से छोटे सिलिंडरों में गैस महंगे दाम पर भरने का काम लंबे समय से करता आ रहा है। ऐसे में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की कारगुजारी पर भी सवालिया निशान खड़ा होता है।
आखिर कैसे यह काम लंबे समय से चलता आ रहा है। क्या अधिकारी सोए हुए थे या किसी बड़े हादसे के इंतजार में थे। क्योंकि 13 साल पहले ऐसा हादसा हो चुका है।
