लाइट एंड साउंड शो में हजारों लोगों ने देखे प्रेरक प्रसंग
प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार की ओर से यहां करवाए जा रहे लाइट एंड साउंड कार्यक्रम में मंगलवार शाम को संगतों ने बाबा देव के जीवन वृतांत से संबंधित साखियों को स्टेज पर रुपमान होते देखा।
जागरण संवाददाता, कपूरथला : प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार की ओर से यहां करवाए जा रहे लाइट एंड साउंड कार्यक्रम में मंगलवार शाम को संगतों ने बाबा देव के जीवन वृतांत से संबंधित साखियों को स्टेज पर रुपमान होते देखा। ध्वनि व प्रकाश पर आधारित इस कार्यक्रम के दो शो हुए। इस दौरान हजारों की संख्या में संगतों ने बाबा नानक के जीवन वृतांत के प्रेरक प्रसंग देखे। लोकसभा सदस्य जसबीर सिंह डिपा ने संगतों के साथ बैठकर शो देखा। शो के बाद हरभजन मान ने अपने धार्मिक गायन के माध्यम से संगतों को निहाल किया। डिपा ने कहा कि गुरु जी के पूरे जीवन से हमें आदर्श जीवन जीने की सीख मिलती है। उन्होंने कहा कि गुरु जी के जीवन की हर घटना से हमें शिक्षा मिलती है। प्रदेश सरकार ने हमारी नई पीढि़यों को गुरु जी के जीवन के फलसफे व उनकी शिक्षाओं की जानकारी देने के लिए यह शो तैयार किया है। शो 15 नवंबर तक जारी रहेगा। इसके बाद भी सभी जिलों में यह शो आयोजित किए जाएंगे। डिंपा ने कहा कि 550वें प्रकाश पर्व के जश्नों में शिरकत करने पहुंची संगतों के लिए प्रदेश सरकार की ओर से बड़े स्तर पर प्रबंध किए गए हैं। हरभजन मान 13 नवंबर को यहां रबाब पंडाल में शाम सात से आठ बजे तक लाइट एंड साउंड शो के बाद भी धर्मिक गायन पेश करेंगे। 14 व 15 नवंबर को शाम सात से आठ बजे तक लाइट एंड साउंड शो के बाद पम्मा डूम्मेवाल धार्मिक गायन से यहां प्रस्तुति देंगे।