राज्य में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं : महाजन
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह के राज में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। पूरे राज्य में हर रोज डकैती गुंडागर्दी भ्रष्टाचार बेअदबी दलितों पर अत्याचार नशा तस्करी की घटनाएं निरंतर बढ़ रही हैं।
जागरण संवाददाता, कपूरथला : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा पर हुए जानलेवा हमले की जिम्मेदारी लेने वाले कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू पर केस दर्ज करने व सीबीआइ जांच करवाने की मांग करते हुए मंडल अध्यक्ष धर्मपाल महाजन ने कहा कि बिट्टू का बयान सरकारी गुंडागर्दी का नतीजा है।
भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह के राज में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। पूरे राज्य में हर रोज डकैती, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार, बेअदबी, दलितों पर अत्याचार, नशा तस्करी की घटनाएं निरंतर बढ़ रही हैं, जिसको रोकने में पंजाब सरकार व डीजीपी पुरी तरह फेल हो गए हैं।
धर्मपाल महाजन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने दलित युवक को जबरदस्ती पेशाब पिलाने वाले आरोपियों को बचाने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला व उनके साथियों को जलालाबाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
धर्मपाल महाजन ने कहा कि गुंडाराज व धक्केशाही का दूसरा नाम कैप्टन सरकार है, क्योंकि इस सरकार में जनता दुखी है। उन्होंने कहा कि यह बात साफ हो चुकी है कि अश्वनी शर्मा पर जानलेवा हमला कांग्रेस नेता द्वारा करवाया गया था। उन्होंने ने कहा कि कैप्टन अमरिदर सिंह तथा उनके नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने और जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसे निम्न स्तर के हथकंडे अपना रही है। इससे युवा कांग्रेसी गुंडों ने अमृतसर व लुधियाना के भाजपा कार्यालयों में जबरन घुस कर गुंडागर्दी का नंगा नाच किया।
उन्होंने कहा कि रोजाना प्रदेश में कहीं न कहीं भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकाया जा रहा है। उन पर झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं।