बारदाना की कमी से नहीं हो पा रही धान की लिफ्टिंग
नडाला मंडी में धान की आमद बढ़ी है। बारदाने के भारी कमी के चलते अनाज मंडी में धान के अंबार लग गए है।
धर्मपाल शारदा, नडाला
नडाला मंडी में धान की आमद बढ़ी है। बारदाने के भारी कमी के चलते अनाज मंडी में धान के अंबार लग गए है। इस संबंध में किसान अमरीक सिंह साही, करनैल सिंह खख, महिदर पाल सिंह भुल्लर तलवाड़ा, हरजिदर सिंह साही ने बताया कि बारदाना न मिलने के चलते वे चार से पांच दिनों से मंडी में फंसे हुए है। आढ़ती बारदाना नहीं मिलने का बहाना बना कर धान की लिफ्टिग नहीं कर रहे हैं। रोजाना प्रति दुकान 1000 कट्टा ही दिया जा रहा है जो कि बहुत कम है। दूसरी ओर धान में नमी की वजह से शैलरों लिफ्टिंग करने में आनाकानी करते हैं। 17 प्रतिशत से अधिक नमी होने पर प्रति प्वाइंट 20 रुपये कटौती मांगी जा रही है। इस मंडी के दो पक्के फड़े पर 28 आढ़त की दुकानें हैं। चार खरीद एजेंसियों में एफसीआइ सबसे कम 5034 क्विटल धान की खरीद कर पीछे चल रहे है। इसी प्रकार पनग्रेन ने सबसे ज्यादा 93375 क्विटल, पनसप ने 56197 क्विटल, मार्कफेड ने 18709 क्विंटल धान की खरीद की है। किसानों को मौसम के पल पल बाद बदलते हालातों ने परेशान किया हुआ है।
मंडी सुपरवाइजर अमरजीत सिंह ने बताया कि अब तक इस मंडी में 170000 क्विटल धान आ चुका है व लगातार धान की की आमद हो रही है। दो से तीन दिन और तेजी रहने की संभावना है। खरीद इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह ने बताया कि शैलरों की हड़ताल व बारदाने की कैटागिरी संबंधी मामला हल न होने कारण आरओ लेट लगे थे। जल्द ही बारदाने का वितरण ठीक तरीके हो जाएगी।