शादी में बेटी ले चुकी थी दूल्हे संग तीन फेरे, फिर अचानक पिता ने बुला ली पुलिस, जानें पूरा मामला
पंजाब के कपूरथला में एक पिता ने अपनी बेटी की शादी रुकवा दी। लड़की शादी समारोह मेें तीन फेरे ले चुकी थी कि पिता ने पुलिस बुला ली। लड़की की उम्र करीब 16 साल है।
कपूरथला, [हरनेक सिंह जैनपुरी]। यहां एक मैरिज पैलेस में शादी समारोह हो रहा था। शादी के लिए फेरे चल रहे थे। दूल्हा-दुल्हन तीन फेरे ले चुके थे कि लड़की के पिता ने पुलिस बुलाकर शादी रुकवा दी। इससे हड़कंप मच गया। पुलिस दूल्हा-दुल्हन और बरातियों के साथ अपने साथ ले गई। उन्हें एसडीएम कार्यालय ले जाया गया और सभी के बयान लिए गए। दरअसल लड़की नाबालिग थी और पिता के विरोध के बावजूद उसकी शादी कराई जा रही थी। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।
पिता ने पुलिस को शिकायत देकर नाबालिग बेटी की शादी रुकवाई
जानकारी के अनुसार, जिले के गांव लक्खण खोले के दूल्हा और दुल्हन की कपूरथला के एक पैलेस में शुक्रवार को शादी हो रही थी। शादी समारोह में बराती और मेहमान मौजूद थे। दूल्हा तो बालिग था, लेकिन लड़की की उम्र शादी के लायक नहीं हुई थी और वह 16 साल की थी। लड़की का पिता नाबालिग बेटी की शादी कराए जाने के खिलाफ था और शादी बगैर उसकी मर्जी के हो रही थी।
शादी समारोह के दौरान मैरिज पैलेस के बाहर लगी गाडि़यां।
कपूरथला जिले के गांव लक्खण खोले के युवक से करवाई जा रही थी 16 साल की लड़की की शादी
शादी समारोह चल रहा था कि इसी दौरान दुल्हन के पिता ने सीडीपीओ से शिकायत दे दी। शादी के लिए फेरे चल रहे थे और दूल्हा व दुल्हन तीन फेरे ले चुके थे कि पुलिस वहां पहुंच गई। शादी की रस्मों को रुकवा दिया। इससे समरोह में हड़कंप मच गया। लोग कुछ समझ पाते कि पुलिस दूल्हा, दुल्हन और कुछ बारातियों को अपने साथ लग गई। सभी को एसडीएम के दफ्तर ले जाया गया। एसडीएम दफ्तर के सुपरिटेंडेंट के पास दूल्हा, दुल्हन और उसकी मां के बयान दर्ज किए गए। नाबालिग बेटी की शादी करवाए जाने की शिकायत करने वाले पिता के बयान भी दर्ज किए गए।
मैरिज पैलेस से पुलिस दूल्हा, दुल्हन और बारातियों को लेकर गई अपने साथ
जानकारी के अनुसार, दूल्हा सुखदेव सिंह बालिग है। वह ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा है। वह भी गांव लक्खण खोले का ही रहने वाला है। जबकि लड़की कर उम्र 16 साल है। लड़की की मां और रिश्तेदार उसकी शादी करवा रहे थे, लेकिन पिता इसके खिलाफ था। उसने बेटी की उम्र अभी शादी लायक नहीं होने की बात कह कर इसका विरोध किया, लेकिन बताया जाता है कि परिजनों ने उसकी एक न सुनी।
लड़की के पिता का कहना है कि उनकी लड़की अभी करीब 16 साल की है। वह आठवीं पास है। उसकी शादी कराना सरासर गलत है। इसी कारण मैंने यह कदम उठाया है।
--------------
लड़की की मां इस शादी से सहमत : दूल्हा
दूसरी ओर, दूल्हा सुखदेव सिंह का कहना है कि उनकी शादी के लिए लड़की की मां सहमत है। वे दोनों भी एक-दूसरे को पसंद करते हैं।
अभी नहीं आई लिखित शिकायत : एसडीएम
एसडीएम रविंदरपाल सिंह बाजवा का कहना है कि उनके पास अभी लिखित शिकायत नहीं आई है। शिकायत आने के बाद ही वह अगली कार्रवाई कर पाएंगे। दूसरी ओर, थाना सुभानपुर के एसएचओ शिवकंवल सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों को एसडीएम के सामने पेश किया जाएगा। एसडीएम के आदेश पर अगली कार्रवाई होगी।