डीसी के आदेश का उल्लंघन कर देर रात तक फोड़े पटाखे
जिले में दीपावली का त्योहार उत्साह से मनाया गया।
निशांत/सचदेवा, कपूरथला :
शहर में शनिवार को हर्षोल्लास से दीपावली का त्योहार मनाया गया। बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ के चलते कई मुख्य सड़कों पर यातायात भी बाधित रहा। शनिवार शाम को लोगों ने परिवार सहित मां लक्ष्मी की पूजा कर दीप जलाए। शाम होते ही आसमान में आतिशबाजी और पटाखों की गड़गड़ाहट शुरू हो गई थी। डीसी दीप्ति उप्पल ने दीपावली पर शाम साढे़ छह बजे से लेकर रात 10 बजे तक पटाखे चलाने की अनुमति दी थी। लोगों ने नियमों का उल्लंघन कर रात एक बजे तक पटाखे चलाए। पुलिस की ओर से देर रात तक पटाखे चलाने वालों पर कोई कार्रवाई नही की गई। पटाखे चलाने की वजह से वातावरण प्रदूषित हो गया। दीपावली पर कुछ लोगों ने पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए पटाखे चलाने से परहेज भी किया। बाजारों में दुकानदारों ने बेखौफ होकर पटाखे बेचे। प्रशासन ने खानापूर्ति के लिए दो दुकानदारों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया। उधर, पीर चौधरी रोड पर खुले मैदान पर लोगों ने पटाखों की जमकर खरीदारी की। दीपावली पर कपूरथला शहर में लाखों रुपये के पटाखे चलाए। घर-घर में लक्ष्मी माता की पूजा की गई। लोगों ने एक दूसरे को बधाईयां दी।
शहर में चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे पुलिस कर्मचारी
दीपावली पर एसएसपी जसप्रीत सिंह सिद्धू के निर्देशों पर शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मचारी तैनात रहे। डीएसपी सब डिवीजन सुरिदर सिंह के नेतृत्व में थाना सिटी के एसएचओ दीपक शर्मा, थाना कोतवाली के एसएचओ दर्शन सिंह, थाना सदर के एसएचओ गुरदियाल सिंह, ट्रैफिक पुलिस के इंचार्ज सुखविदर सिंह, पीसीआर के इंचार्ज राजविदर सिंह व महिला पुलिस की ओर से बाजारों में फ्लैग मार्च भी निकाला गया।