आरसीएफ कर्मचारियों ने पढ़ी संविधान की प्रस्तावना
मंगलवार को रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला में संविधान दिवस मनाया गया।
जागरण संवाददता, कपूरथला : 70वें संविधान दिवस के अवसर पर मंगलवार को रेल कोच फैक्ट्री, कपूरथला में संविधान दिवस मनाया गया। सुबह 11 बजे आरसीएफ के महाप्रबंधक रवीन्द्र गुप्ता ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ी, जिसके बाद मौलिक कर्तव्यों को कायम रखने का संकल्प लिया गया।
आरसीएफ के सभी कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर संविधान की प्रस्तावना पढ़ी। संविधान में सूचीबद्ध मौलिक कर्तव्यों के बारे में जागरूक करने के लिए आज से आरसीएफ में एक अभियान भी शुरू हो गया है। यह अभियान अगले वर्ष 26 नंवबर 2020 तक चलेगा।
इस अभियान के तहत संविधान का सम्मान, आपसी भाईचारा, देश की सुरक्षा, महिलाओं का सम्मान, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण, राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा के अवसर, वैज्ञानिक विचारधारा, मानवीय गतिविधियों में उत्कृष्टता और स्वतंत्रता के आदर्शो को संजोना जैसे मौलिक कर्तव्यों पर रेल कर्मचारियों को जागरूक किया जाएगा। वर्ष के दौरान संविधान और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देने के लिए सेमिनार, विचार चर्चा, क्विज प्रोग्राम, रैली, मार्च, दौड़ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।