हलकी बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, 15 डिग्री लुढ़का तापमान
कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद शुक्रवार सुबह से ही मौसम काफी सुहावना बना रहा। दोपहर को आसमान पर काली घटाएं छा गई।
नरेश कद, कपूरथला : कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद शुक्रवार सुबह से ही मौसम काफी सुहावना बना रहा। दोपहर को आसमान पर काली घटाएं छा गई। तेज हवाओं व हलकी बारिश से मौसम बेहद खुशगवार बन गया। कई दिनों से गर्मी का संताप झेल रहे लोगों द्वारा इससे काफी राहत महसूस की गई। आसामान पर छाए काले बादलों के कारण दोपहर के वक्त भी शाम का एहसास हो रहा था। शुक्रवार देर शाम तक भी ठंडी हवाएं चल रही थी और मौसम विभाग द्वारा शनिवार को भी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे धान की तैयारियों में जुटे किसानों को यह बारिश काफी सहायक सिद्ध होगी।
करीब आधा घंटे हलकी बारिश व तेज हवाओं के कारण आसमान थोड़ा साफ हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली और देर रात तक बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा। दूसरी तरफ मौसम में आए इस बदलाव से खरबूजा उत्पादक किसानों के चेहरों पर चिता की लकीरें खिच गई है। बारिश के कारण खरबूजा, तरबूज को नुक्सान होने की संभावना बढ़ जाती है। गांव बरिदपुर के किसान कुलदीप सिंह ढोट का कहना है कि ज्यादा बारिश से खरबूजे की बेलें बैठ जाती है, जिससे फ्रूट सूखने लगता है और उसमें मिठास भी कम हो जाती है लेकिन हलकी बारिश से कोई खतरा नहीं है। शुक्रवार 32 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार मौसम में आए बदलाव के कारण तापमान में करीब 10 से 15 डिग्री तक गिरावट आई है। शुक्रवार को अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में भी मौसम में ठंडी हवाएं और बारिश होने की संभावना बनी हुई है। धान की फसल के लिए फायदेमंद : डॉ. मरोक
कृषि विज्ञान केंद्र के डायरेक्टर डॉ. जुगराज सिंह मरोक का कहना है कि गर्मी के मौसम में शुक्रवार को हुई बारिश धान की सीधी बिजाई वाली फसल के लिए खाद का काम करेगी। उन्होंने बताया कि इतनी बारिश से खरबूजे व तरबूज को भी कोई नुकसान नहीं होता बल्कि इससे बेलों में ताजगी आती है। उन्होंने किसानों को अपील की है कि अगले एक दो दिन बारिश की संभावना है, इस लिए सब्जी व खरबूजे आदि की फसलों के पानी लगाने से परहेज किया जाए।