धुंध की चादर में लिपटा शहर, ठिठुरे लोग
शहर में पिछले दो दिन से पड़ रही घनी धुंध से जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
महेश कुमार, कपूरथला : शहर में पिछले दो दिन से पड़ रही घनी धुंध से जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। वीरवार को भी जैसे ही लोग नींद से जागे तो उन्हें धुंध का सामना करना पड़ा। धुंध के बीच बच्चे स्कूल जाते दिखाई दिए। वाहन चालकों को लाइट जलाकर अपनी मंजिल तक पहुंचना पड़ा। विजिबिलिटी 40 मीटर थी। करीब 11 बजे के बाद धुंध कुछ छंटनी शुरू हुई। सुबह 11 बजे शहर का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस था। रात आठ बजे अधिकतम तापमान 12 डिग्री और न्यूनतम तापमान एक आठ डिग्री तक पहुंच गया था। मौसम विभाग लुधियाना के अनुसार 17 व 18 जनवरी को बादल छाने के अलावा हल्की बारिश होने की संभावना है। बाजार में स्वेटर, जैकेट, टोपी, मफलर, शॉल, कंबल आदि की फिर से बिक्री बढ़ी है। सरकारी कार्यालयों में रूम हीटर जलाकर अधिकारी और कर्मचारी सर्दी दूर करते रहे।
वीरवार को सुबह कड़ाके की ठंड के चलते लोगों ने देर से बिस्तर छोड़ा। घने कोहरे के चलते सुबह आठ बजे तक कुछ दिख नहीं पा रहा था। विजिबिलिटी 40 मीटर से भी कम हो गई थी। आबादी वाले क्षेत्र के बाहर तो नजदीक का भी नहीं दिख रहा था। वाहन लाइट जलाकर रेंगते हुए चल रहे थे। ठंड कम होने की आस लगाए गरीबों के समक्ष रोजी रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। दोपहर बाद करीब एक बजे के बाद सूर्यदेव बादलों की ओट से बाहर निकले जिससे लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली।
सड़क के किनारे झोपड़ी बनाकर रह रहे अशोक यादव ने बताया कि ठंड के चलते न तो रात ठीक से कट रही है, न दिन। सब्जी मंडी के राजमिस्त्री राकेश ने बताया कि ठंड के कारण आठ बजे सुबह से काम मुमकिन नहीं है और देर से जाने पर काम मिलता नहीं है। देर रात मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ठंडी हवा भी चलने लगी थी।
बुजुर्गो और बच्चों की सेहत का रखे ध्यान : डॉ. राजीव पराशर
कहते हैं चिकित्सक :सिविल अस्पताल के डॉ. राजीव पराशर ने ठंड से बचने की सलाह देते हुए कहा कि गर्म कपड़े का प्रयोग करें। अनावश्यक घर से बाहर नहीं निकलें। बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखें। नहाने से लेकर पीने तक के लिए गर्म पानी का सेवन करें। इसके बावजूद कोई परेशानी हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
आधा से पौना घंटा लेट हुई 16 ट्रेनें : राकेश कुमार
कपूरथला रेलवे स्टेशन के सुपरिटेंडेंट राकेश कुमार ने बताया कि धुंध के कारण रेल यातायात भी प्रभावित हो रहा है। वीरवार को भी कपूरथला स्टेशन से गुजरने वाली 12 पैसेंजर व चार मेल ट्रेनें करीब आधा से पौना घंटा विलंब से पहुंचीं। सुबह के धुंध व ठंड के बीच यात्री ट्रेन का इंतजार करते रहे।