30 लाख से बदलेगी शहर के पार्को की नुहार
नगर निगम फगवाड़ा के पार्को को चिल्ड्रेन फ्रैंडली बनाएगी।
अमित ओहरी, फगवाड़ा
फगवाड़ा वासी अपने स्वास्थ्य को लेकर पहले से ज्यादा सजग और जागरुक हो गए है। सुबह के समय शहर के तमाम पार्को में सैर, योग व कसरत करने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। वहीं, कुछ पार्को को छोड़ कर शहर के बाकी पार्को की हालत दयनीय है। इन पार्को की नुहार बदलने के लिए नगर निगम फगवाड़ा की ओर से तैयार की गई है। नगर निगम फगवाड़ा करीब 30 लाख खर्च कर शहर के तमाम पार्को को चिल्ड्रन फ्रैंडली पार्को में तब्दील करने की योजना बना चुकी है। इस योजना के तहत निगम के अधिकारियों की ओर से काम करना शुरु भी कर दिया गया है। निगम की ओर से पार्को की नुहार बदलने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है और आने वाले दिनों में पार्को को सुंदर बनाने का काम शुरू हो जाएगा।
बताते चलें कि इन दिनों नगर निगम पार्को पर विशेष ध्यान दे रहा है। फगवाड़ा के गुरु हरगोबिंद नगर क्षेत्र में स्थित पार्क, हदियाबाद क्षेत्र में स्थित पार्क, इंडस्ट्रीयल क्षेत्र के पार्क, सतनामपुरा क्षेत्र के पार्को सहित मॉडल टाऊन व न्यू माडल टाउन पार्को को सुंदर और चिल्ड्रेन फ्रेंडली पार्क में तब्दील करने के लिए करीब 30 लाख की राशि खर्च की जा रही है। इसी तरह अन्य पार्को का विकास किया जा रहा है। इन का एक ही मकसद है कि शहर को साफ सुथरा और संदर बनाया और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरुक किया जाए।
नगर निगम के एसडीओ पंकज कुमार हंस ने बताया कि शहर की करीब 15 पार्को की दशा सुधारने के काम आने वाले दिनों में शुरू हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसमें पार्को का रंग रोगन किया जाएगा। अगर किसी पार्क की दीवार टूटी है तो वह दीवार बनाई जाएगी। किसी की ग्रिल टूटी हुई है तो वह ग्रिल लगाई जाएगी। लाइटों का काम किया जाएगा। टूटी हुई टाइल्स भी बदलवाई जा रही हैं। जिस पार्क में जो भी काम होने वाला है, वह सभी काम करवाए जाएंगे। इस काम पर 30 लाख रूपये की राशि खर्च की जा रही है। एसडीओ पंकज हंस ने बताया कि शहर के अन्य पार्को का सर्वे चल रहा है। ठेकेदारों को निर्धारित समय अवधि के अंदर जल्दी से जल्दी काम निपटाने के आदेश जारी किए गए हैं।
पार्को को सुंदर बनाने के काम पर खर्च होंगे करोड़ों रुपये : धालीवाल
विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल ने कहा कि शहर के तमाम पार्को को सुंदर बनाने के काम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे है। पार्को का लोगों की मांग के मुताबिक निर्माण करवाया जाएगा और सभी पार्को में बच्चों के लिए झूलों का विशेष प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कैप्टन सरकार के नेतृत्व में फगवाड़ा का सर्वपक्षीय विकास करवाया जा रहा है।