कपूरथला में डेरे के पास पेशाब करने से रोकने पर युवक को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस
कपूरथला के खानोवाल गांव में पेशाब करने से रोकने पर दो बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति रहमत अली को ...और पढ़ें

पेशाब करने से रोकने पर युवक को मारी गोली। फोटो जागरण
HighLights
कपूरथला के खानोवाल में व्यक्ति को गोली मारी गई।
पेशाब करने से रोकने पर हमलावरों ने फायरिंग की।
घायल रहमत अली की हालत नाजुक, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, कपूरथला। जिले के गांव खानोवाल में मामूली बात को लेकर दो बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान रहमत अली निवासी खानोवाल के रूप में हुई है।
उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की है। घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस और डीएसपी डा. शीतल सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है।
सब डिवीजन के डीएसपी डा. शीतल सिंह ने बताया कि घायल रहमत अली की पत्नी ने पुलिस को बयान दिया है। उसने बताया कि वह अपने डेरे पर मौजूद थी, तभी बाइक पर सवार दो युवक आए और डेरे की तरफ मुंह करके बाथरूम करने लगे।
जब उसके पति रहमत अली ने उन्हें ऐसा करने से रोका और वहां से जाने को कहा तो दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों में बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपितों ने जेब से पिस्तौल निकाल ली और रहमत अली पर गोलियां चला दीं।
गोली लगते ही रहमत अली खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद दोनों हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों के मुताबिक रहमत अली को दो गोलियां लगी हैं। एक गोली कंधे पर और दूसरी पीठ पर लगी है, जिससे काफी खून बह गया है।
डीएसपी ने बताया कि आरोपितों को पकड़ने के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है और जिले भर में नाकाबंदी कड़ी कर दी गई है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
