ब्रेकअप के बाद तनाव में आए युवक ने खुद को गोली मारी, कार चलाकर अस्पताल पहुंचा, आइसीयू में भर्ती
ब्रेकअप के बाद तनाव में रहते एक युवक ने फिरोजपुर से जालंधर आकर खुद के सीने में गोली मार ली। गोली लगने के बाद वह अकेला कार चलाकर एक किलोमीटर दूर निजी अस्पताल गया। वहां उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।
जागरण संवाददाता, जालंधर : ब्रेकअप के बाद तनाव में रहते एक युवक ने फिरोजपुर से जालंधर आकर खुद के सीने में गोली मार ली। गोली लगने के बाद वह अकेला कार चलाकर एक किलोमीटर दूर निजी अस्पताल गया। वहां उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। घटना रविवार सुबह वर्कशाप चौक के पास की है। बताया जा रहा है कि युवक की महिला मित्र भी वर्कशाप चौक के पास स्थित एचएमवी में पढ़ती है। वह उसी से मिलने के लिए जालंधर आया था और किसी बात को लेकर अनबन होने पर उसने खुद को गोली मार ली। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया कि घटना के समय युवक अकेला था या उसके साथ कोई और भी था। पुलिस का कहना है युवक बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके बयानों के बाद ही पता चलेगा कि असल में हुआ क्या था। युवक की पहचान फिरोजपुर के जीरा तहसील के अब्बोवाल गांव के अरविदर पुत्र सतनाम सिंह के रूप में हुई है। वह आइलेट्स का छात्र है और कुछ समय से परेशान चल रहा था। पुलिस के अनुसार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह इटीऑस कार में सवार होकर पहुंचा। इस दौरान उसने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल .32 बोर से खुद को गोली मार ली। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उसका तत्काल इलाज शुरू किया। सर्जरी के बाद डाक्टरों ने उसकी गोली निकाल ली है और युवक की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने लाइसेंसी रिवाल्वर भी कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी अजायब सिंह का कहना है कि युवक अपनी किसी महिला मित्र से हुए झगड़े के बाद से मानसिक रूप से परेशान था और काफी समय से अवसाद में चल रहा था। रिवाल्वर युवक के पिता सतनाम सिंह का है। अभी तक घायल के बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। मामले की जांच के लिए युवक की काल डिटेल खंगाली जा रही है। घायल के बयान और मामले की जांच के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।