शराब पीने के लिए पैसे न दिए तो युवक का घर में घुसकर किया कत्ल Jalandhar News
हमलावरों से पहले युवक के सिर पर दातर मारी और फिर छत से गली में धक्का दे दिया। उसे पहले सिविल अस्पताल और फिर निजी अस्पताल ले जाया गया।
जालंधर, जेएनएन। ईश्वर कॉलोनी में शराब पीने के लिए पैसे न देने से गुस्साए हमलावरों ने युवक पर घर में घुसकर हमला कर दिया। पहले उसके सिर पर दातर मारी और फिर छत से गली में धक्का दे दिया। उसे पहले सिविल अस्पताल और फिर निजी अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अब थाना भार्गव कैंप में तीन आरोपितों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं की जा रही है।
काला संघिया रोड स्थित ईश्वर कॉलोनी की गली नंबर 12 में रहने वाले तरसेम लाल ने बताया कि जम्मू में काम करने वाला उसका बेटा सौरव घर आया हुआ था। 25 अगस्त की रात को करीब सवा दस बजे सौरव अपने दोस्त माही को छोडऩे के लिए गया था। थोड़ी देर बाद ही वह घबराया हुआ घर की तरफ भागता हुआ आया। वह गेट पर खड़े थे। उन्होंने पूछा तो बेटे ने बताया कि ईश्वर नगर का रहने वाला दीपक सोधी व उसके किरायेदार लक्की ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब उसने मना किया तो वो बहस करने लगे और उसके साथ हाथापाई की। वह किसी तरह वहां से छूटकर भागा है। इतनी देर में दीपक सोधी दातर व लक्की बेसबैट लेकर दो अन्य लड़कों के साथ उनके घर पहुंच गए। हमलावरों को देख वो डरकर घर के अंदर घुस गए, लेकिन हमलावर भी पीछे-पीछे घर के अंदर आ गए।
दीपक सोधी ने दातर से सौरव के सिर पर वार कर उसे बुरी तरह से जख्मी कर दिया। यह देख बाकी आरोपितों ने सौरव को धक्का देकर छत से गली में फेंक दिया। वह खून से लथपथ होकर बेसुध हो गया। इतनी देर में आसपास के लोग आने लगे तो हमलावर हथियारों समेत वहां से फरार हो गए। फिर वह अपने दूसरे बेटे गौरव व आसपास के लोगों की मदद से बेटे को सिविल अस्पताल लेकर गए। हालत बिगडऩे पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन वीरवार को उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दीपक सोधी व लक्की के साथ अज्ञात व्यक्तियों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
मां की मौत के बाद जम्मू से लौटा था सौरव
तरसेम लाल ने बताया कि उनकी पत्नी कांता रानी का 15 अगस्त को निधन हो गया था। इसी कारण छोटा बेटा जम्मू से पत्नी के साथ आया था। यहां इस झगड़े में उसकी भी जान चली गई।