अमृतसर में मकान का किराया नहीं देने पर युवक की हत्या, चार लोगों पर केस
बताया जा रहा है कि जगनदीप ने पिछले दो महीने का घर का किराया नहीं दिया था। इसी कारण सिंह ने आरोपित कुलविंदर सिंह ने उसकी तेजधार हथियार से हत्या कर दी। घटना शनिवार की है। जगनदीप ने सोमवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया।
अमृतसर, जेएनएन। सुल्तानविंड रोड के गुरनाम नगर में तेजधार हथियारों से कुछ लोगों ने जगनदीप सिंह की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि जगनदीप ने पिछले दो महीने का घर का किराया नहीं दिया था। इसी कारण सिंह ने आरोपित कुलविंदर सिंह ने उसकी तेजधार हथियार से हत्या कर दी। घटना शनिवार की है। जगनदीप ने सोमवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया। थाना बी डिवीजन के प्रभारी गुरविंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है। उन्होंने दावा किया है कि हत्यारोपितों को जल्द दबोच लिया जाएगा।
राज कौर ने बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। वह अपने बेटे जगनदीप सिंह (24) और बेटी मलका के साथ कुछ सालों से सुल्तानविंड रोड स्थित गुरनाम नगर के कुलविंदर सिंह के घर पर किराये पर रह रही है। उसकी बेटी पढ़ रही है और बेटा पीतल-लोहे की ढलाई का काम करता था। कोरोना काल में उन्होंने घर बड़ी मुश्किल से चलाया। कई बार घर का किराया भी देने में देरी हो जाती थी। इस बात को लेकर कुलविंदर सिंह उन्हें हमेशा परेशान करता था। कई बार उसने घर खाली करने की धमकी भी दे रखी थी। राज कौर ने बताया कि अब पिछले दो महीने से वह घर का किराया नहीं दे पा रही थी।
शनिवार को आरोपित कुलविंदर सिंह अपने अज्ञात साथियों के साथ उनके घर में जबरदस्ती घुस आया और 31 सौ रुपये किराये की मांग करने लगा। जब बेटे ने कुछ दिन बाद किराया देने की बात कही तो आरोपित मारपीट पर उतारू हो गया। राज कौर ने बताया कि कुलविंदर सिंह ने अपने साथियों के साथ उन्हें पीटना शुरू कर दिया। बेटा यह नहीं देख पाया और उन्हें ( राज कौर) बचाने के लिए आगे बढ़ा। आरोपितों ने तलवारों से हमलाकर उसे गंभीर रूप से जख्मी करवा दिया। जगनदीप सिंह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद पांचों आरोपित फरार हो गए। उन्होंने किसी तरह सवारी का बंदोबस्त करवाकर बेटे को गुरु नानक देव अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां सोमवार की शाम उनके बेटे ने दम तोड़ दिया।