मैडम! युवक छेड़ता है, बेटी का नाम स्कूल से काट दो, आरोपित गिरफ्तार
शहर में बुरी तरह चरमराई पुलिस व्यवस्था के कारण महिलाओं के अलावा अब लड़कियां भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं।
जागरण संवाददाता, जालंधर : शहर में बुरी तरह चरमराई पुलिस व्यवस्था के कारण महिलाओं के अलावा अब लड़कियां भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। गदईपुर की 14 साल की लड़की पढ़ाई इसलिए छोड़ना चाहती है, क्योंकि राह चलते उसे युवक परेशान करता है। लगातार पीछा करने और कमेंट करने से तंग आ चुकी किशोरी को दो दिन पहले गदईपुर निवासी ज्योति राज नामक के युवक ने रोकना चाहा। जब किशोरी ने इसका विरोध किया तो आरोपी उसे बीच सड़क वाहनों के आगे धक्का देकर भाग गया। गनीमत थी कि किशोरी पर वाहन नहीं चढ़ा। युवक से तंग आकर किशोरी के पढ़ाई छोड़ने की बात सुनकर स्कूल की टीचर ने पुलिस बुलाकर केस दर्ज कराया। थाना आठ की पुलिस ने केस दर्ज कर शुक्रवार को युवक को गिरफ्तार कर लिया।
सोढल के पास एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली किशोरी मूल रूप से बिहार की रहने वाली है। किशोरी की मां ने बताया कि गदईपुर का रहने वाला ज्योति राज पिछले 15-20 दिनों से उनकी बेटी का स्कूल जाते और लौटते वक्त पीछा करता था। बेटी ने कई बार विरोध किया, लेकिन युवक नहीं माना। उल्टा उसके हौसले बढ़ गए। बीते वीरवार को उसने एक दिन उसे रोककर टॉफी देने का प्रयास किया। वहीं अगले दिन पेन देना चाहा। दोनों ही बार बेटी ने युवक को बुरी तरह झिड़क दिया। गत शनिवार को युवक ने स्कूल की छुट्टी के वक्त बेटी को रोक लिया। बीच सड़क ज्योति राज ने उसे रोकना चाहा जब बेटी ने विरोध किया तो वह उसे तेज धक्का मारकर बाइक से भाग गया। धक्का से वह सड़क पर गिर पड़ी। बेटी रोते हुए घर पहुंची और सारी बात बताई। साथ ही अब स्कूल नहीं जाने की बात कही। इसके बाद परेशान होकर मां बेटी को लेकर सीधा स्कूल पहुंची और ¨प्रसिपल से नाम काटने को कहा।
हालांकि ¨प्रसिपल ने उन्हें समझाया और बात सुनकर पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने बयान लेकर केस दर्ज कर लिया। किशोरी की मां का कहना है कि जब केस की जानकारी आरोपित को हुई तो लगातार उसके घर से धमकियां दी जा रही हैं। मामले में पुलिस ने केस दर्ज करने के साथ ही आरोपित ज्योति राज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।