सिविल में एक्स- रे मशीन खराब , मरीज हुए परेशान
जागरण संवाददाता, जालंधर सिविल अस्पताल में एक्स-रे मशीन की समस्या का आलम बरकरार रहने से लोगों की
जागरण संवाददाता, जालंधर
सिविल अस्पताल में एक्स-रे मशीन की समस्या का आलम बरकरार रहने से लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं। पिछले दस से ज्यादातर दिनों में एक्स- रे मशीन खराब रही है और अस्पताल प्रशासन पत्राचार कर अपनी डयूटी पूरी करने में विश्वास कर रहा है। शुक्रवार को भी एक्सरे मशीन खराब होने के बाद कामकाज ठप हो गया। शुक्रवार को एक्स- रे यूनिट में खराबी होने की वजह से कामकाज ठप हो गया। मरीजों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। कुछ मरीजों ने निजी सेंटरों से एक्स-रे करवा काम चलाया। न्यू हरदायल नगर रहने वाले 12 साल के बच्चे की साइकल चलाते समय टांग टूट गई थी। उसे सिविल अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में दाखिल करवाया गया। शुक्रवार को सुबह डाक्टरों ने उसका एक्स-रे करवाने की सलाह दी तो उन्हें खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उसके परिवार के सदस्य खुद उसे स्ट्रेचर पर डाल कर अस्पताल के बाहर स्थित निजी सेंटर में लेकर गए और पांच सौ रुपए खर्च किए। जबकि सिविल अस्पताल में एक्स- रे महज 125 रुपए में होना था। एक्स- रे मशीन खराब होने के बाद अस्पताल का स्टाफ भी मरीजों के स्ट्रेचर पर लेकर जाने में सहायता करने से कन्नी कतराता है। सिविल अस्पताल के एमएस डॉ. केएस बावा का कहना है कि मशीन की खराबी को लेकर कंपनी को शिकायत कर दी है। इसके अलावा पंजाब हेल्थ सिस्टम कारपोरेशन को मशीन खराब होने की सूरत में दूसरी व्यवस्था करवाने के लिए पत्र लिखा है।