पांचवा नवरात्र : मां दुर्गा स्तुति का पाठ कर हुई मां स्कंदमाता की पूजा, चला भजनों का दौर
पांचवे नवरात्र पर जालंधर के श्री इच्छाधारी शिव शक्ति मंदिर में मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप स्कंदमाता की पूजा की गई। इस दौरान भक्तों ने मां दुर्गा स्तुति का सामूहिक पाठ किया। सुबह-सुबह मंदिरों में भक्तों की लंबी कतार देखने को मिली।
जालंधर, जेएनएन। मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप स्कंदमाता की पूजा श्री इच्छाधारी शिव शक्ति मंदिर में मां दुर्गा स्तुति के पाठ सामूहिक पाठ के साथ की गई। मंदिर कमेटी के प्रधान राजन वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित नवरात्र उत्सव का आगाज श्री गुरु वंदना के साथ किया गया। इसके उपरांत स्त्री सत्संग सभा की अध्यक्ष नीरू कपूर ने भजनों के साथ सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया।
इस दौरान उन्होंने 'मैया जी मैनू रख चरणा दे कोल, मेरा दिल कदे वी डोले ना' तथा 'आज तेरा जगराता माता, आज तेरा जगराता' सहित कई मनमोहक भजन प्रस्तुत किए। नीरू कपूर ने मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप स्कंदमाता की पूजा अर्चना करने से मिलने वाले फल तथा विधि के बारे में विस्तार के साथ बताया। मंदिर कमेटी की तरफ से उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रानी वर्मा, अंजू अग्रवाल, सुगंधा कपूर, शिखा, सुषमा, अमरजीत, निर्मला शर्मा, विशु शर्मा, वैशाली, उषा, वीना, रमा व उमा मौजूद थे।
इसी तरह शहर के मंदिरों में तड़के से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगनी शुरू हो गई। नवरात्र व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने पहले पहर की पूजा करके घट पर जल अर्पित किया। इस बारे में गोपी नाथ मंदिर के पुजारी पंडित दीन दयाल शास्त्री बताते हैं कि मां दुर्गा का पांचवां स्वरूप इंसान को नैतिक जिम्मेदारी का निर्वाह करने व चरित्र निर्माण को प्रेरित करता है। इस स्वरूप की पूजा करने से मन में भीतर से सकारात्मक भाव का संचार होता है। इस क्रम में ट्रस्ट महाकाली मंदिर, श्री देवी तालाब मंदिर में भजन संध्या का आयोजन हुआ। इसमें प्रसिद्ध गायिका सुनीता सहजपाल ने भजन गाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने 'आए नवरात्र महारानी दे' व 'कर लो अज दीदार मां दा' सहित कई मनमोहक भजन प्रस्तुत किए। श्रद्धालुओं ने 51 जोतें जलाकर मां दुर्गा स्तुति का पाठ संपन्न किया। इसी तरह शहर के कई मंदिरों में पांचवें नवरात्र पर पूजा की गई।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें