ससुराल वालों से तंग आकर विवाहिता ने पिया केमिकल, मौत के बाद पति और सास पर केस
19 सितंबर को वीना ने जहरीला पदार्थ निगल लिया था। मंगलवार रात को उसे डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया गया जहां बुधवार तड़के तीन बजे उसकी मौत हो गई।
जालंधर, जेएनएन। बस्ती दानिशमंदा में ससुराल वालों से तंग आकर वीना कुमारी (33) पत्नी अजय कुमार ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। वीना का मायका गुरदासपुर के गांव दाओवाली में है। अजय बस्ती दानिशमंदा में खेलों के सामान में लगने वाले स्टिकर बनाने का काम करता है। थाना पांच की पुलिस ने मृतका के गुरदासपुर से आए भाई वीर चंद के बयान पर पति अजय और सास सीता देवी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
19 सितंबर को वीना ने जहरीला पदार्थ निगल लिया था। उसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया था। इसके बाद मायके वालों के जालंधर पहुंचने पर उसे सिविल अस्पताल रेफर कराया गया। मंगलवार रात को उसे डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया गया, जहां बुधवार तड़के तीन बजे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि वीना की 2011 में अजय से शादी हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। लड़का सात साल और लड़की नौ माह की है। वीना के भाई ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन अपनी सास और पति से परेशान थी। दोनों बहन को मायके से पैसे लाने का दबाव बनाते थे। विरोध करने पर बहन से गालीगलौच व मारपीट करते थे। पुलिस ने भाई के बयान पर दोनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच और वीना के भाई के बयान से साफ है कि ससुर का कोई दोष नहीं नजर आता। इस कारण उन्हें केस में नामजद नहीं किया है।
प्रताड़ना से तंग आकर दो साल मायके में भी गुजारे
वीना की मां कमला देवी ने बताया कि शादी के बाद से बेटी पर आरोपितों ने जुल्म करना शुरू कर दिया था। इसी कारण दो साल तक बेटी मायके घर ही रही। बाद में बेटी का पति और सास उसे अच्छे से रखने का वादा करके उसे अपने साथ जालंधर ले आए। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें पता होता कि बेटी के ससुराल वाले नहीं सुधरेंगे तो वह कभी बेटी को उनके साथ नहीं भेजतीं।
स्टिकर लगाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला केमिकल पिया
एएसआई जगतार ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार वीना ने आत्महत्या के लिए जिस केमिकल का इस्तेमाल किया वह स्टिकर चिपकाने से पहले लगाया जाता था। उसने बहुत अधिक मात्रा में इस केमिकल को पी लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें