भाई को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाली कनाडियन सिटिजन का लुकआउट नोटिस जारी
सगे भाई को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाली कनाडियन सिटिजन का लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।
जालंधर, जेएनएन। महज साढ़े पांच मरले के जमीन विवाद में सगे भाई को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाली कनाडियन सिटिजन की गिरफ्तारी के लिए जीआरपी ने लुकआउट नोटिस जारी किया है। मामले में अन्य चार आरोपित फरार हो चुके हैं।
बस्ती शेख के रहने वाले 57 साल के हरपाल सिंह ने शुक्रवार दोपहर को रामनगर फाटक से कुछ दूरी पर मालगाड़ी के आगे कूद कर आत्महत्या की ली थी। उनके पास से मिले सुसाइड नोट में उन्होंने आत्महत्या का जिम्मेदार अपनी सगी बहन नम्रता सैनी, उनके पति गुरनाम सिंह, लड़की किरन, लड़के आनंद, ससुर दिलबाग सिंह और अपनी सगी मां लीलावती को जिम्मेदार ठहराया था। जीआरपी ने सुसाइड नोट और हरपाल की पत्नी, जो महावीर जैन स्कूल की प्रिंसिपल हैं, के बयान पर उक्त आरोपितों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था।
थाना जीआरपी के एसएचओ धर्मेंद्र कल्याण ने बताया कि आरोपित नम्रता सैनी अपने पति व बच्चों के साथ कनाडा में सेटल्ड है। वह नवंबर में जालंधर आई थी। घटना के बाद से वह फरार चल रही है। वह देश छोड़ कर ना भाग जाए, इसलिए उन्होंने उसका लुकआउट नोटिस जारी करवाया है। अन्य सभी आरोपित भी फरार चल रहे हैं। सभी के मोबाइल बंद आ रहे हैं। पुलिस उनकी लास्ट टावर लोकेशन निकलवा उन्हें तलाशने में जुटी है।
27 नवंबर को आरोपित नम्रता सैनी ने अपनी मां के साथ प्रेस कांफ्रेंस करके अपने भाई हरपाल सिंह पर उन्हें धमकाने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि दोनों भाई मां के साथ बदसलूकी करते हैं, जिस कारण मां ने अपनी जायदाद से साढ़े पांच मरले उनके नाम पर कर दी थी। इसके बाद से भाई हरपाल उन्हें आत्महत्या की धमकी दे रहा है। हरपाल ने एक वीडियो भी शूट की थी, जिसमें उसने कहा था कि उसकी आत्महत्या की जिम्मेदार उसकी बहन और मां होंगी। इस पर थाना पांच की पुलिस ने हरपाल और उसकी पत्नी की खिलाफ 29 दिसंबर को आत्महत्या की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया था।