15 साल बाद अक्टूबर के पहले सप्ताह में तापमान पहुंचा 24 डिग्री सेल्सियस Jalandhar News
मौसम में अचानक आए इस बदलाव की झलक शहर के रेडीमेड गारमेंट्स की दुकानों पर भी रौनक देखने को मिल रही है।
जालंधर [शाम सहगल]। 15 साल बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में 24 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़के तापमान ने लोगों की ड्रेस तक बदल दी है। मौसम में अचानक आए इस बदलाव की झलक शहर के रेडीमेड गारमेंट्स की दुकानों पर भी देखने को मिल रही है। इससे पहले 2004 में अक्टूबर के पहले सप्ताह में इतना तापमान गिरा था। हालांकि शुक्रवार को दोपहर में धूप खिलने से तापमान 28 डिग्री तक पहुंच गया, लेकिन हवा में ठंडक बरकरार रही। दिन ढलते ही फिर से तापमान 24 डिग्री हो गया।
गौरतलब है कि वीरवार को दिन ढलते ही आसमान में बादल छा गए थे। तेज आंधी तथा बारिश के बीच तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई थी। दिन में 29 डिग्री तक पहुंचा पारा दिन ढलते ही लुढ़ककर 24 डिग्री पहुंच गया। गर्मी के सीजन में यह पहला अवसर था, जब तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 18 डिग्री तक रह गया। शुक्रवार सुबह तक हवा में ठंडक बरकरार रही, जिसका असर बाजारो पर दिखा।
रेडीमेड शोरूम पर डिस्प्ले हुई सर्दियों की ड्रेस
तापमान गिरने का असर शहर की कपड़ों की दुकानों पर भी देखने को मिला। अधिकतर शोरूम व दुकानों पर गर्म कपड़े डिस्प्ले कर दिए गए। कोट, ब्लेजर, स्वेटर व गर्म टी-शर्ट के डिस्प्ले देखने को मिले। कोहली गारमेंट्स, शेखां बाजार के राजेश कोहली बताते है कि लंबे समय के बाद अक्टूबर में पारा इतना अधिक लुढ़का है। इससे पहले दीवाली के बाद ही तापमान में इतनी गिरावट होती है। जबकि, इस बार समय से पहले तापमान में भारी गिरावट होने के चलते सर्दी की ड्रेस डिस्पले की गई है, जिसकी पहले दिन मांग भी शुरू हो गई है।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते बनी स्थिति
मौसम विभाग के डायरेक्टर डॉ. सु¨रदर पाल बताते हैं कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते यह स्थिति बनी है। उधर, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में आसमान में बादल छाए रहेंगे। जबकि, छह अक्तूबर को तेज हवाओं व बारिश की भी संभावना है।