शहर के कुछ इलाकों में सुबह 10 मिनट की बारिश, दिनभर गर्मी ने सताया
शहर में सोमवार को कुछ हिस्सों में हुई 10 मिनट की तेज बारिश हुई।
जागरण संवाददाता, जालंधर : शहर में सोमवार को कुछ हिस्सों में हुई 10 मिनट की तेज बारिश हुई। बारिश के बाद निकली धूप ने उमस फिर बढ़ा दी। रविवार भी कुछेक इलाकों में बारिश ने उमस से राहत दिलाई थी। रविवार को बारिश के बावजूद शाम को 5.30 बजे उमस 60 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि सुबह 8.30 बजे उमस 85 प्रतिशत थी। वहीं अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले तीन दिन लगातार बारिश के बाद रविवार को दोपहर बाद तक बारिश से राहत रही। रविवार और सोमवार भी दिन में बादलों के बीच सूरज की लुकाछिपी भी चलती रही, लेकिन रविवार शाम के समय कैंट, मॉडल टाउन, अर्बन एस्टेट आदि क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। सोमवार सुबह मकसूदा, फोकल प्वाइंट, पठानकोट चौक के आसपास के इलाकों में पॉकेट रेन हुई।
हालांकि शहर के कुछ हिस्सों में हुई बारिश के बाद दूसरे क्षेत्रों में उमस से लोग परेशान दिखे। न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी के कारण भी उमस बढ़ रही है। न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से ऊपर बताया जा रहा है। यही वजह है कि सुबह के समय उमस का स्तर बढ़कर 85 प्रतिशत तक पहुंच गया था। इसके चलते कूलर ने काम करना बंद कर दिया है। अब या तो गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों को पंखों का सहारा लेना पड़ रहा है या फिर एसी का। कूलर में उमस में और ज्यादा बढ़ जाती है, जो राहत की बजाय परेशानी और ज्यादा बढ़ा देती है। मौसम के अचानक बदलने का सिलसिला फिलहाल जारी रहेगा।