मौसम ने फिर बदली करवट, जालंधर में सुबह से रुक-रुक कर जारी है बारिश
बारिश के कारण सड़कों पर कम यातायात कम देखने को मिल रहा है। ठंड बढ़ने लोग घरों में दुबक गए हैं। सुबह कामकाजी लोगों को कार्यालय और छोटे बच्चों को स्कूल जाने में भारी परेशानी हुई।
जागरण संवाददाता, जालंधर। वीरवार को जालंधर में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली। शहर में सबह से रुक-रुक बारिश हो रही है। आसमान में चारों तरफ घने काले बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने पहले से ही इसकी आशंका जताई थी कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पंजाब में अगले कुछ दिनों में बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। लिहाजा, बुधवार को दिन भर मौसम साफ रहने के बाद वीरवार सुबह से कभी धीमी तो कभी तेज बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी है।
इस बीच सड़कों पर कम यातायात कम देखने को मिल रहा है। ठंड बढ़ने लोग घरों में दुबक गए हैं। सुबह कामकाजी लोगों और छोटे बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा है। मौसम विभाग ने कल 15 फरवरी को भी बूंदाबांदी से लेकर बारिश की आशंका जताई है।
शहर में सुबह करीब 9.30 बजे से शुरू हुई बूंदाबांदी बाद दोपहर तक निरंतर जारी रही। इस बीच बुधवार तक अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस तापमान गिरकर 17 डिग्री तक रह गया। सुबह के समय शुरू हुई बारिश के कारण कामकाजी लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अगले 24 घंटे तक हल्की बूंदाबांदी से लेकर भारी बारिश हो सकती है। हालांकि तापमान की स्थिति यथावत रहने का अनुमान है। ज्ञात हो कि चार दिन पहले ही शहर भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई थी। तब से मौसम लगातार खराब बना हुआ है।