गांव लड़ोई में लोगों ने सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
भोगपुर में पानी की निकासी के लिए बनाए जाने वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के विरोध में रविवार को गांव लड़ोई के लोगों ने पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
संवाद सूत्र,भोगपुर : भोगपुर में पानी की निकासी के लिए बनाए जाने वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के विरोध में रविवार को गांव लड़ोई के लोगों ने पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। समूह पंचायत व गांव के लोगों ने बताया कि पंजाब सरकार झगडे़ वाली 12 कनाल जमीन में ट्रीटमेंट प्लांट लगा रही है। प्लांट लगने से शहर के अंदर बनाए जाने वाली पानी की टंकियां सफेद हाथी साबित होंगी। सुखविदर सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार ने शहर के 13 वार्डों के निवासियों के साथ-साथ गांव लड़ोई के रहने वाले लोगों को ट्रीटमेंट प्लांट लगाने के नाम पर कई साल तक बेवकूफ बनाया। प्लांट लगाने के लिए 69 लाख में खरीदी गई जमीन का महिदर सिंह बनाम बलवीर सिंह का सब डिवीजन जालंधर अदालत में केस चल रहा है। कमिशनर जालंधर मंडल ने इस जमीन का स्टे किया हुआ है, इसलिए इस पर कुछ निर्माण नहीं किया जा सकता।
इस मौके सरपंच सुखविदर सिंह, जसवीर सिंह, ब्रह्म मूर्ति, सतनाम सिंह, महिदरकौर, कुलवंत कौर, महिदर कौर लड़ोई ( सभी पंचायत सदस्य), अवतार सिंह, बूटा सिंह लड़ोई, जोगा सिंह,जोगिदर सिंह, कृष्ण लाल ने संघर्ष तेज करने की चेतावनी दी।
चुनाव नजदीक आते देख कांग्रेस को ट्रीटमेंट प्लांट याद आया : पवन टीनू
शिअद के विधायक पवन कुमार टीनू ने बताया कि सूबे की कांग्रेस सरकार को पांच साल बाद भोगपुर में सीवरेज डालने की याद आई है। 2022 चुनावों के नजदीक होने के कारण भोगपुर निवासियों के लिए यह एक चुनावी जुमला है। अगर कांग्रेस सरकार गंभीर होती तो उक्त जमीन का मसला गांव की पंचायत के साथ बातचीत करते या कोर्ट में पेश होकर हल करवा सकती थी। भोगपुर के स्थानीय नेताओं अमृतपाल सिंह खरल कलां, शहरी प्रधान परमिदरसिंह करवल, पार्षद सुखजीत सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के राज में भोगपुर पिछड़ गया है।