अरमान हत्याकांड की वीडियो आई सामने : पहले बैट से किया हल्का वार , फिर कुर्सी से बांध कर दी हत्या
एनआरआइ के बेटे का कातिल भले ही उम्र में छोटा हो लेकिन कत्ल उसने पूरे योजनाबद्ध ढंग से किया। पुलिस को एक वीडियो मिला है जोकि हत्यारोपित ने कत्ल करने से पहले अरमान के साथ रिकॉर्ड किया था।
जालंधर, मनीष शर्मा। कैंट के लाल कुर्ती क्षेत्र में एनआरआइ के बेटे अरमान का कातिल भले ही उम्र में छोटा हो, लेकिन कत्ल उसने पूरे योजनाबद्ध ढंग से किया। पुलिस को इस मामले में सबसे अहम सुराग वह वीडियो मिला है, जो हत्यारोपित ने कत्ल से पहले अरमान के साथ रिकॉर्ड किया था। 'दैनिक जागरण' के पास भी वीडियो पहुंचा है, जिसमें हत्यारोपित दोस्त ने पहले बैट से हल्का वार कर अरमान को भरोसा दिलाया कि वह सिर्फ वीडियो बनाना चाहता है। उसे कोई नुकसान नहीं होगा। उसके बाद टेप से कुर्सी पर हाथ-पैर बांधकर उसका कत्ल कर दिया।
चार वीडियो शूट किए
जब कातिल लड़का घर आया तो अरमान स्टडी रूम में टेबल पर पढ़ रहा था। उसने अरमान से फेसबुक के लिए वीडियो बनाने को कहा। चूंकि दोनों पहले भी टिकटॉक के लिए इकट्ठे वीडियो बनाते रहे हैं, इसलिए अरमान को मनाने में उसे ज्यादा समय नहीं लगा। फिर भी अरमान को उस पर पूरा भरोसा हो जाए और वो उसे पूरी तरह उसके हवाले कर दे, इसके लिए एक के बाद एक चार वीडियो शूट किए।
पहला वीडियो : पहले वीडियो में उसने स्टडी टेबल पर बैठे ही जोर से क्रिकेट बैट मारने की एक्टिंग की व हल्के से अरमान के सिर पर बैट मारा। इसके लिए अरमान के चेहरे के एक तरफ लाल रंग भी डाला गया। अरमान ने भी वार के बाद एक तरफ सिर गिराकर मरने की एक्टिंग की। इससे अरमान को उसने भरोसा दिला दिया कि वो इसी तरह हल्के से उसे बैट मारेगा।
दूसरा वीडियो : इसमें उसने अरमान को एक कुर्सी पर बिठा दिया और पहले उसके हाथों में टेप लगा दी। अरमान को मास्क भी पहना दिया, जबकि पहले अरमान बिना मास्क के पढ़ाई कर रहा था।
तीसरा वीडियो : तीसरे वीडियो में उसने अरमान के दोनों हाथ के बाद पैरों पर भी टेप लगा दी, ताकि वह कुर्सी से उठ न सके।
चौथा वीडियो : चौथे वीडियो में वो टेप से हाथ-पैर बंधे कुर्सी पर बैठे अरमान के आगे-पीछे क्रिकेट बैट लेकर घूमता हुआ नजर आ रहा है। इसे रिकॉर्ड करने के बाद उसने वीडियो बंद कर दी। पुलिस की पूछताछ के मुताबिक इसके बाद ही उसने क्रिकेट बैट से मार-मारकर उसे लहूलुहान कर दिया। चूंकि अरमान बंधा हुआ था और मुंह पर मास्क भी था, इससे न तो वह अपने बचाव में हाथ-पांव चला सका और न ही जोर से शोर मचा सका।
यह है मामला
तीन दिन पहले कैंट के लाल कुर्ती इलाके में एक घर में फ्रांस में रहने वाले एनआरआइ दविंदर कुमार के बेटे अरमान की खून से लथपथ लाश मिली थी। उसकी घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी। उस वक्त उसकी मां बेटी के साथ हिमाचल प्रदेश में अपने मायके गई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की तो पता चला कि अरमान व कातिल लड़का एक ही स्कूल में पढ़ते थे। वहां दोनों एक लड़की को पसंद करने लगे। लड़की सिर्फ अरमान को पसंद करती थी और कातिल से बात नहीं करती थी।
इसी वजह से उसने अरमान से बदला लेने की ठानी। इसी वजह से उसने हत्या कर दी। पुलिस ने जांच शुरू की तो अरमान के परिजनों ने कातिल के उनके यहां आने की बात कही। पुलिस ने उसे पूछा तो पहले वो मुकर गया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में उसके वहां आने की बात सामने आ गई। इसके बाद पुलिस ने हत्याकांड की गुत्थी सुलझी।
कोरोना की रिपोर्ट आने के बाद जेल भेजा जाएगा आरोपित
अरमान के हत्यारोपित दोस्त का पुलिस ने कोरोना टेस्ट करवाया है। रिपोर्ट आने के बाद ही उसे जेल भेजा जाएगा। एएसआइ जसवंत सिंह ने बताया कि फिलहाल आरोपित छात्र कैंट की जेल में ही है।