पंजाब के गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई करने वाला उत्तर प्रदेश का युवक जालंधर में दबोचा
उत्तर प्रदेश के बिजनौर का इसरार अहमद पंजाब के गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई करता था। मुखबिर से सूचना मिलने पर जालंधर देहात पुलिस ने इस बार उसे दबोच लिया।
जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब के गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई करने वाले उत्तर प्रदेश के इसरार अहमद को जालंधर देहाती पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसरार अहमद यहां हथियारों की खेप डिलीवर करने के लिए आया था। इसकी मुखबिरी मिलने पर जालंधर देहाती पुलिस ने कंगनीवाल पुली से उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद उसकी तलाशी लेने पर उससे .12 बोर की दो पिस्तौल, .315 बोर की दो बंदूकें और 8 कारतूस बरामद किए गए। खास बात यह है इसरार अहमद ने ऐसा हथियार बनाया है, जिसे बंदूक और राइफल दोनों के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। उसे भी पुलिस ने जब्त किया है।
जालंधर देहाती के एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि कुछ दिन पहले पुलिस ने जसकरन सिंह गैंगस्टर के गैंग को पकड़कर भारी मात्रा में हथियार बरामद किए थे। उनसे पूछताछ के बाद पता चला कि उत्तर प्रदेश के बिजनौर में रहने वाला इसरार अहमद उन्हें यह हथियार सप्लाई करता था। इसके बाद पुलिस ने इसरार के फिर से पंजाब आने पर पकड़ने के लिए खुफिया कार्रवाई शुरू कर दी और मंगलवार शाम को उसे पकड़ लिया।
एसएसपी ने माना कि इसरार अहमद लंबे समय से पंजाब में गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई कर रहा था। हालांकि इसके बारे में बाकी जानकारी पूछताछ पूरी होने के बाद ही बताई जा सकती है।