जालंधर में आधी रात को पेड़ से टकराई कार, स्वीमिंग पूल के मालिक समेत 2 की मौत
गुरबंता सिंह मार्ग पर एक अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जागरण संवाददाता, जालंधर। महानगर में मंगलवार आधी रात को हुई भीषण दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई। दो व्यक्ति घायल हुए हैं। गुरबंता सिंह मार्ग पर एक अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची थाना डिवीजन पांच की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
हादसे में मरने वालों की पहचान जसकरण सिंह और बांका के रूप में हुई है। जसकरण सिंह रायल स्वीमिंग पूल का मालिक बताया जा रहा है। वहीं, बांका स्पोर्ट्स कारोबारी था। घायलों की पहचान सुनील और राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
गुरबंता सिंह मार्ग पर भीषण हादसे में क्षतिग्रस्त कार।
जबरदस्त टक्कर में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो यह कार देर रात तेज रफ्तार में आ रही थी और गुरबंता सिंह मार्ग पर स्थित एक सफेदे के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों ही घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद निकाले जा सके घायल
हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार के शीशे तोड़कर घायलों और मृतकों को कार से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें - हरसिमरत कौर बादल ने श्री हरमंदिर साहिब में टेका माथा, मीडिया से बनाए रखी दूरी